छत्तीसगढ़
रायपुर
छत्तीसगढ़ सरकार ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अरुण देव गौतम को राज्य का नया पुलिस महानिदेशक (DGP) नियुक्त किया है। गृह विभाग ने मंगलवार को इस संबंध में आदेश जारी किया। पूर्व डीजीपी अशोक जुनेजा का कार्यकाल 3 फरवरी को समाप्त हो गया था, जिसके बाद से ही नए डीजीपी की नियुक्ति की प्रतीक्षा की जा रही थी। नए डीजीपी की नियुक्ति के लिए वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों पवन देव, हिमांशु गुप्ता और अरुण देव गौतम के नामों पर चर्चा चल रही थी अंततः, अरुण देव गौतम को राज्य का नया डीजीपी नियुक्त किया गया।
अरुण देव गौतम का जन्म 2 जुलाई 1967 को उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के अभयपुर गांव में हुआ। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव के सरकारी स्कूल में पूरी की और इलाहाबाद विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री हासिल की। इसके बाद, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से अंतरराष्ट्रीय कानून में एम.फिल. की उपाधि प्राप्त की। उच्च शिक्षा के उपरांत, उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा उत्तीर्ण की और 12 अक्टूबर 1992 को भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में शामिल हुए। प्रारंभ में उन्हें मध्य प्रदेश कैडर आवंटित किया गया था।
प्रशिक्षण के बाद, अरुण देव गौतम की पहली नियुक्ति जबलपुर में हुई, जहां उन्होंने प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी के रूप में कार्य किया। इसके बाद, वे बिलासपुर जिले में सीएसपी के पद पर कार्यरत रहे। एसपी के रूप में उनकी पहली पोस्टिंग मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में हुई। साल 2000 में छत्तीसगढ़ के गठन के बाद, उन्होंने छत्तीसगढ़ कैडर का चयन किया और कोरिया, रायगढ़, जशपुर, राजनांदगांव, सरगुजा और बिलासपुर जैसे जिलों में एसपी के रूप में सेवाएं दीं। इसके अतिरिक्त, उन्होंने पुलिस मुख्यालय, सीआईडी, वित्त और योजना, प्रशासन और मुख्यमंत्री सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विभागों में भी कार्य किया।
अरुण देव गौतम को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए कई सम्मान प्राप्त हुए हैं। साल 2002 में, उन्हें संघर्षग्रस्त कोसोवा में सेवा देने के लिए संयुक्त राष्ट्र पदक से सम्मानित किया गया। इसके अलावा, 2010 में उन्हें भारतीय पुलिस पदक और 2018 में विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक प्रदान किया गया।
झीरम घाटी नक्सली हमले के बाद, जिसमें कई कांग्रेस नेताओं की मृत्यु हुई थी, अरुण देव गौतम को बस्तर क्षेत्र का आईजी नियुक्त किया गया। इस चुनौतीपूर्ण समय में उन्होंने क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बहाल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अरुण देव गौतम की नियुक्ति से राज्य में कानून व्यवस्था एवं राज्य के सुरक्षा तंत्र के और बेहतर होने की उम्मीद है, और आशा है कि उनके व्यापक अनुभव और प्रशासनिक कौशल से छत्तीसगढ़ पुलिस को नई दिशा मिलेगी।
( राजीव खरे ब्यूरो चीफ छत्तीसगढ़)
Leave a comment