मुफ्त प्रसव और उपचार का झांसा देकर रायपुर बुलाया, निःसंतान दंपत्ति को बच्चा बेचने के बदले मोटी रकम दिलाने का दिया लालच। अन्य नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त में भी संलिप्तता के संकेत।
रायपुर। राजधानी रायपुर में नवजात शिशु की खरीद-फरोख्त का प्रयास करने का मामला सामने आया है। ओडिशा के सुंदरगढ़ निवासी गर्भवती महिला को निःशुल्क प्रसव और उपचार कराने का झांसा देकर रायपुर बुलाया गया। यहां तीन महिलाओं ने उसकी आर्थिक स्थिति का फायदा उठाकर नवजात बच्चे को किसी निःसंतान दंपत्ति को बेचने के बदले मोटी रकम दिलाने का प्रलोभन दिया। महिला के विरोध करने पर उसे डराया-धमकाया गया और प्रसव के बाद नवजात शिशु सहित बंधक बनाकर रखा गया। मामले में थाना आजाद चौक पुलिस ने तीन महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता का गर्भावस्था के दौरान रायपुर निवासी कृतिका साहू से संपर्क हुआ था। कृतिका ने निःशुल्क प्रसव एवं उपचार कराने का भरोसा दिलाकर उसे रायपुर बुलाया। रायपुर पहुंचने पर कृतिका ने उसकी मुलाकात गीतिका और अहिल्या नामदेव से कराई तथा उसे गोगांव स्थित अहिल्या के घर में ठहराया। आरोप है कि तीनों महिलाओं ने षड्यंत्रपूर्वक पीड़िता की आर्थिक मजबूरी का फायदा उठाते हुए उसके नवजात बच्चे को किसी निःसंतान दंपत्ति को बेचने के बदले मोटी रकम दिलाने का लालच दिया।
पीड़िता द्वारा बच्चा बेचने से मना करने पर उसे डराया-धमकाया गया। दिनांक 4 नवंबर 2026 को प्रसव के बाद उसे नवजात शिशु सहित पुनः अहिल्या के घर ले जाया गया, जहां उसे बंधक बनाकर रखा गया। आरोपियों ने उसे धमकी दी कि प्रसव में हुए खर्च की भरपाई उसके बच्चे को बेचकर की जाएगी। पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 307/26 के तहत धारा 140(3), 143(4), 318(4) एवं 61 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने थाना प्रभारी आजाद चौक को आरोपियों की शीघ्र पतासाजी कर गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रकरण में संलिप्त तीनों महिला आरोपियों कृतिका साहू, अहिल्या नामदेव एवं गीतिका नाग को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से मामले के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है तथा उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अन्य नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त में संलिप्तता की भी मिली जानकारी
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों द्वारा अन्य नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त में भी संलिप्तता के संबंध में जानकारी मिली है। पुलिस इस पहलू को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के नेटवर्क, अन्य संलिप्त व्यक्तियों और पूर्व में की गई घटनाओं की जानकारी जुटा रही है। इस अवैध गतिविधि से जुड़े अन्य संभावित व्यक्तियों की भी पतासाजी की जा रही है। विवेचना के दौरान जिस किसी की भी संलिप्तता सामने आएगी, उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार महिला आरोपी
1. कृतिका साहू, पति स्व. सुमित कुमार साहू, उम्र 34 वर्ष, निवासी आमापारा रामकुण्ड, थाना आजाद चौक, रायपुर।
2. अहिल्या नामदेव, पिता दीपक नामदेव, उम्र 40 वर्ष, निवासी सीतानगर गोगांव, थाना गुढ़ियारी, जिला रायपुर।
3. गीतिका नाग, पति चिंतामणी नाग, उम्र 36 वर्ष, निवासी स्टोर पारा पुरैना, भिलाई-03, थाना भिलाई-03, जिला दुर्ग।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़







