एम्स रायपुर में ब्लड कैंसर से जूझ रही तीन वर्षीय बच्ची वेंटिलेटर पर, 24 घंटे तैनात किया गया पैरामेडिकल स्टाफ।
रायपुर, 19 नवंबर 2026। ब्लड कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही तीन वर्षीय काव्या पटेल के बेहतर उपचार के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने संवेदनशील पहल की है। मुख्यमंत्री ने एम्स रायपुर के चिकित्सकों को बच्ची का बेहतर उपचार सुनिश्चित करने तथा परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
रायगढ़ जिले की निवासी काव्या को 15 नवंबर को एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया था। वह एक्यूट माइलॉइड ल्यूकेमिया (ब्लड कैंसर) से पीड़ित है। फिलहाल उसकी स्थिति गंभीर है और उसे पीआईसीयू में वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने जिला रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से काव्या के पिता को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई है।
वहीं, स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने 18 नवंबर को एम्स के चिकित्सकों से चर्चा कर बच्ची के उपचार की जानकारी ली और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बच्ची की देखभाल के लिए स्वास्थ्य विभाग ने 24 घंटे पैरामेडिकल स्टाफ की विशेष ड्यूटी लगाई है। शासन और जिला प्रशासन लगातार उपचार की निगरानी कर रहे हैं।
मासूम काव्या के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़







