रायपुर में नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री करने वाले गिरोह का खुलासा, अब तक छह आरोपी गिरफ्तार।
पुलिस कमिश्नर, डीसीपी पश्चिम क्षेत्र के निर्देशन में थाना आजाद चौक पुलिस की कार्रवाई।
रायपुर। नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री के गंभीर मामले में रायपुर पुलिस ने डॉक्टर सहित तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही प्रकरण में अब तक कुल छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की विस्तृत जांच कर रही है।

थाना आजाद चौक में दर्ज अपराध क्रमांक 307/26 के तहत पूर्व में कृतिका साहू, अहिल्या नामदेव और गीतिका नाग को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ और विवेचना में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने डॉ. खिर सिंधु महानंद, प्रकाश कुमार कौरव और अश्वनी शर्मा को गिरफ्तार किया है।
जांच में सामने आया कि डॉक्टर अस्पताल में भर्ती किए बिना ही फर्जी डिस्चार्ज टिकट तैयार कर अस्पताल की सील लगाकर देता था। वहीं प्रकाश कुमार कौरव और अश्वनी शर्मा आर्थिक रूप से कमजोर एवं अविवाहित गर्भवती महिलाओं को तलाशकर नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री के सौदे में शामिल थे। इस कारोबार से मिलने वाली रकम का आपस में बंटवारा किया जाता था।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से उपचार संबंधी दस्तावेज और ओपीडी रिकॉर्ड रजिस्टर जब्त किया है। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच जारी है।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़







