चार दुकानों के ताले तोड़कर दो दुकानों में की थी चोरी, दो अन्य दुकानों में चोरी का प्रयास; नगदी सहित चोरी का सामान बरामद।
राजनांदगांव। शहर के बसंतपुर थाना क्षेत्र में दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले छह विधि से संघर्षरत बालकों को पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर पकड़ लिया। आरोपियों के कब्जे से 1,000 रुपये नगद एवं चोरी किया गया सामान बरामद किया गया है। पूछताछ में चार दुकानों के ताले तोड़ने की बात सामने आई है, जिनमें से दो दुकानों में चोरी और दो दुकानों में चोरी का प्रयास किया गया था।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक आदित्य कुमार (भा.पु.से.) के दिशा-निर्देश पर आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई थी।
जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर 2026 की रात थाना बसंतपुर क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने दुकानों के ताले तोड़कर दो दुकानों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। शिकायत मिलने पर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 549/26 एवं 550/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 331(4), 305 एवं 3(5) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन के नेतृत्व में बसंतपुर पुलिस एवं साइबर टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। पुलिस की तत्परता से चोरी की घटनाओं में संलिप्त छह नाबालिगों को 12 घंटे के भीतर पकड़ लिया गया।
पूछताछ में नाबालिगों ने चार दुकानों के ताले तोड़ने की बात स्वीकार की। इनमें दो दुकानों में चोरी करना और दो अन्य दुकानों में चोरी का प्रयास करना शामिल है। पुलिस ने उनके कब्जे से 1,000 रुपये नगद एवं चोरी का सामान बरामद किया है। सभी छह विधि से संघर्षरत बालकों को नियमानुसार माननीय किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कौशलेश देवांगन, उप निरीक्षक नरेश सार्वा, प्रधान आरक्षक दीपक जायसवाल, आरक्षक भुनेश्वर जायसी सहित थाना बसंतपुर के अन्य पुलिसकर्मियों एवं राजनांदगांव साइबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
राजनांदगांव पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी दुकानों एवं प्रतिष्ठानों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस को दें।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़







