2,200 हेक्टेयर सामुदायिक वन अधिकार के बावजूद एक लाख पेड़ों को पहुंचाया गया नुकसान; महिला वनकर्मियों की अहम भूमिका, आगजनी की कोशिश और हमले के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार
महानदी के उद्गम क्षेत्र को संवारने 25 हजार कंटूर ट्रेंच बनाने का लक्ष्य, आज 2,500 का निर्माण
गरियाबंद, 19 नवंबर। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के अंतर्गत महानदी के उद्गम क्षेत्र करका में वन विभाग ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 102.45 हेक्टेयर आरक्षित वनभूमि को कब्जामुक्त कराया। वन विभाग, पुलिस एवं जिला प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा संचालित इस व्यापक अभियान में 400 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी तैनात रहे। कार्रवाई में महिला वनकर्मियों ने भी अग्रिम मोर्चे पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विभागीय आकलन के अनुसार, ग्रामसभा करका को वर्ष 2020 में लगभग 2,200 हेक्टेयर क्षेत्र में सामुदायिक वन संसाधन अधिकार (CFRR) प्रदान किए जाने के बावजूद बीते वर्षों में वन क्षेत्र को भारी नुकसान पहुंचाया गया। लगभग एक लाख पेड़ों की कटाई एवं क्षति तथा आरक्षित वनभूमि पर कृषि गतिविधियों के जरिए अतिक्रमण किए जाने का मामला सामने आया है। वर्ष 2016 में करीब 22 हेक्टेयर रहा अतिक्रमण वर्ष 2026 तक बढ़कर 102.45 हेक्टेयर हो गया। इस विस्तार का दस्तावेजीकरण इसरो सैटेलाइट इमेजरी और जीपीएस-ड्रोन सर्वेक्षण के माध्यम से किया गया।

महिला वनकर्मियों ने पेश की साहस और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल
वन संरक्षण के अभियानों में महिला वनकर्मियों की भूमिका उल्लेखनीय रही है। विभाग के अनुसार, पिछले चार वर्षों में उनकी सक्रिय भागीदारी से 1,090 हेक्टेयर वनभूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है। करका की कार्रवाई में भी महिला वनकर्मियों ने पुलिस एवं प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर अभियान को सफल बनाने में अहम योगदान दिया।
आगजनी की कोशिश नाकाम, महिला वनकर्मी पर हमले के मामले में तीन गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान टाइगर रिजर्व क्षेत्र में आगजनी की कोशिश को नाकाम किया गया। वहीं, महिला वनकर्मी पर हमले के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि कार्रवाई में बाधा डालने, आगजनी के लिए उकसाने तथा अतिक्रमणकारियों को बरगलाने वालों के विरुद्ध भी पीओआर (अपराध प्रकरण) दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पूरे प्रभावित क्षेत्र की निगरानी सर्विलांस ड्रोन से की गई तथा आवश्यक डिजिटल साक्ष्य भी सुरक्षित किए गए।

अतिक्रमण हटाने के साथ जंगल को पुनर्जीवित करने की पहल
वन विभाग का अभियान केवल अवैध कब्जा हटाने तक सीमित नहीं है, बल्कि क्षतिग्रस्त वन क्षेत्र के पुनरुद्धार और महानदी के उद्गम क्षेत्र की पारिस्थितिकी को सुरक्षित करने पर भी केंद्रित है। इसी कड़ी में अतिक्रमण मुक्त भूमि पर जल संरक्षण, भूजल पुनर्भरण और मिट्टी की नमी बनाए रखने के उद्देश्य से कंटूर ट्रेंच का निर्माण कराया जा रहा है। आज 2,500 कंटूर ट्रेंच का निर्माण किया गया, जबकि कुल 25,000 निर्माण का लक्ष्य निर्धारित है।

महानदी का उद्गम क्षेत्र छत्तीसगढ़ की अमूल्य प्राकृतिक धरोहर है। ऐसे में वनभूमि को अतिक्रमण मुक्त कराना, वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास को सुरक्षित रखना और नष्ट होते वन क्षेत्र को फिर से हरा-भरा बनाना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। वन विभाग की इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश है कि वन संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के मामले में अवैध अतिक्रमण एवं वन संपदा के विनाश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
रिपोर्ट नेहरू साहू ब्यूरो चीफ गरियाबंद







