एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में जिलेभर में चला विशेष चेकिंग अभियान, नियमों का उल्लंघन करने वालों से वसूला गया 13,400 रुपये जुर्माना।
धमतरी। जिले में नशे के विरुद्ध अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान एवं तंबाकू सेवन करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कोटपा एक्ट के तहत कुल 67 प्रकरण दर्ज कर 13,400 रुपये का जुर्माना वसूला है। यह विशेष अभियान पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में 18 नवंबर को जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में चलाया गया।
अभियान के दौरान जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में बाजारों, सार्वजनिक स्थलों एवं प्रमुख स्थानों पर सघन जांच की। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने तथा कोटपा एक्ट के प्रावधानों का उल्लंघन करने वालों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई।
धमतरी पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में थाना कोतवाली में 10 प्रकरण, नगरी में 10, भखारा में 08, अर्जुनी में 07, मगरलोड में 07, चौकी बिरेझर में 07, रुद्री में 06, कुरुद में 04, सिहावा में 04, केरेगांव में 03 तथा बोराई थाना क्षेत्र में 01 प्रकरण दर्ज किया गया। इस प्रकार कुल 67 प्रकरणों में 13,400 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए अभियान
धमतरी पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने से वहां मौजूद अन्य लोगों, विशेषकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। अभियान का उद्देश्य केवल नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि आम नागरिकों को तंबाकू एवं धूम्रपान के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ सामाजिक वातावरण तैयार करना भी है।
नागरिकों एवं दुकानदारों से पुलिस की अपील
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों एवं व्यापारियों से सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान नहीं करने, शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री नहीं करने तथा नाबालिगों को तंबाकू उत्पाद नहीं बेचने की अपील की है। साथ ही सभी से कानून का पालन करते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने में सहयोग करने कहा है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान एवं तंबाकू नियंत्रण संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सघन जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़







