डिंडौरी मध्यप्रदेश

शासकीय एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय डिंडौरी में आयोजित जिला स्तरीय युवा उत्सव में जिले के युवाओं ने अपनी कला, संस्कृति और साहित्यिक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। लोक नृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला एवं कविता लेखन जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों एवं संस्थानों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में डिंडौरी विधायक ओमकार मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते, नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता सारस, भाजपा जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग राजेन्द्र कुमार जाटव तथा जिला खेल अधिकारी मो. अहमद खान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

प्रतियोगिताओं के परिणामों में समूह लोक नृत्य में शासकीय चंद्रविजय स्नातकोत्तर महाविद्यालय डिंडौरी ने प्रथम, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय डिंडौरी ने द्वितीय तथा शासकीय महाविद्यालय गाड़ासरई ने तृतीय स्थान हासिल किया। समूह लोकगीत में कन्या शिक्षक परिसर समनापुर प्रथम, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय डिंडौरी द्वितीय तथा शासकीय चंद्रविजय स्नातकोत्तर महाविद्यालय डिंडौरी तृतीय स्थान पर रहा।

इसी तरह नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में ज्ञानेश्वरी महाविद्यालय डिंडौरी ने प्रथम, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय डिंडौरी ने द्वितीय तथा मॉडल स्कूल करंजिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकला प्रतियोगिता में दीप ज्योति यादव प्रथम, लक्षिता कांसी द्वितीय और यशी पांडे तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं कविता लेखन में कार्तिक कुमार श्याम ने प्रथम, कुसुम कली मार्को ने द्वितीय तथा केसरी नंदा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

इस अवसर पर विधायक ओमकार मरकाम ने कहा कि युवा देश और समाज की सबसे बड़ी शक्ति हैं। युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराने की है। जिला स्तरीय युवा उत्सव युवाओं की कला, संस्कृति और साहित्यिक प्रतिभा को निखारने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे आयोजनों से युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें अपनी प्रतिभा जिला एवं प्रदेश स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।

उन्होंने कहा कि डिंडौरी जिले की लोककला और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। बैगा लोक नृत्य के क्षेत्र में पद्मश्री से सम्मानित अर्जुन सिंह धुर्वे तथा गोंडी चित्रकला के क्षेत्र में पद्मश्री सम्मानित भज्जू सिंह श्याम और दुर्गावती श्याम ने जिले का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने युवाओं से अपनी कला, संस्कृति, लोक नृत्य और चित्रकला के माध्यम से विशिष्ट पहचान बनाने तथा जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते ने कहा कि युवा उत्सव युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और कला-संस्कृति को आगे बढ़ाने का सशक्त मंच है। जनजातीय कला, लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध डिंडौरी जिले के युवाओं में विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने की अपार संभावनाएं हैं। ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा पहचानने, आत्मविश्वास बढ़ाने और आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने युवाओं से लोक संस्कृति एवं परंपराओं को संरक्षित रखने के साथ शिक्षा, कला, साहित्य और सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।

जिला स्तरीय युवा उत्सव ने न केवल युवाओं को अपनी रचनात्मक क्षमता और हुनर दिखाने का अवसर दिया, बल्कि जिले की समृद्ध लोककला, सांस्कृतिक विरासत और साहित्यिक परंपराओं को भी प्रोत्साहित किया। आयोजन के माध्यम से युवा प्रतिभाओं को मंच मिला और उनके उज्ज्वल भविष्य की संभावनाओं को नई दिशा मिली।

रिपोर्ट अखिलेश झारिया

Leave A Reply

Exit mobile version