‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ होगी प्रदर्शनी की थीम, कलेक्टर रणबीर शर्मा ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 02 नवंबर 2026 को जिला मुख्यालय के पुलिस ग्राउंड में जिला स्तरीय राज्योत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। आयोजन को गरिमामय, आकर्षक एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा ने जिला कार्यालय में अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सभी व्यवस्थाएं 01 नवंबर तक पूर्ण करने के निर्देश देते हुए मंच, टेंट, साउंड सिस्टम, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, बैरिकेडिंग एवं पार्किंग सहित अतिथियों और आम नागरिकों के लिए समुचित बैठक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
इस वर्ष राज्योत्सव की विभागीय प्रदर्शनी की मुख्य थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ होगी। विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों का प्रदर्शन किया जाएगा। कृषि, महिला एवं बाल विकास, एनआरएलएम, राजस्व सहित संबंधित विभागों को आकर्षक एवं एकरूप स्वरूप में प्रदर्शनी तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
समारोह में स्कूली एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभावान व्यक्तियों का सम्मान भी किया जाएगा। कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य सेवाएं, एम्बुलेंस एवं आपातकालीन सुविधाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए।
वहीं राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 01 से 03 नवंबर तक जिला मुख्यालय के शासकीय भवनों एवं प्रमुख स्थलों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ तैयारियां समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि गरियाबंद का जिला स्तरीय राज्योत्सव उत्साह, सांस्कृतिक गरिमा और विकास की झलक के साथ यादगार बन सके।
रिपोर्ट नेहरू साहू जिला ब्यूरो गरियाबंद

