मुख्य अतिथि महिला आयोग अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने कहा – चार साल में जो उपलब्धि हासिल की, वह अनुकरणीय मिसाल

 

रायपुर। राजधानी के प्रतिष्ठित उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल का चतुर्थ स्थापना दिवस समारोह  बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमामय माहौल में मनाया गया। अस्पताल परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया था। समारोह में चिकित्सा, नर्सिंग स्टाफ सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन में राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त, छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष माननीय डॉ. ममता साहू उपस्थित रहीं। अस्पताल प्रबंधन की ओर से डायरेक्टर श्रीमती नम्रता सिंह एवं मेडिकल डायरेक्टर डॉ. विनोद सिंह ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। तत्पश्चात मेडिकल एक्जीक्यूटिव जसपाल भामरा ने  सभी की ओर से डॉक्टर विनोद सिंह और नम्रता सिंह का स्वागत किया गया l

अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि डॉ. ममता साहू ने उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल की उपलब्धियों की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि चार वर्ष बहुत लंबा समय नहीं होता, परंतु इस कम समय में उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल ने चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में जो कीर्तिमान स्थापित किया है, वह अपने आप में एक अनुकरणीय मिसाल है। एक निजी अस्पताल होकर भी जिस सेवा भाव और समर्पण के साथ आम लोगों तक स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाई जा रही है, वह काबिले-तारीफ है। उन्होंने कहा कि मैं हॉस्पिटल की डायरेक्टर नम्रता सिंह, मेडिकल डायरेक्टर डॉ. विनोद सिंह, अस्पताल परिसर में मौजूद प्रत्येक चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ एवं पूरी टीम को हृदय की गहराइयों से बधाई और शुभकामनाएं देती हूं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अस्पताल इसी तरह आगे भी गरीब और जरूरतमंद मरीजों की सेवा करता रहेगा।

 

* फाउंडेशन के माध्यम से जन-जन तक स्वास्थ्य सेवा

 

इस अवसर पर हॉस्पिटल की डायरेक्टर नम्रता सिंह ने अस्पताल की चार साल की विकास यात्रा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल की स्थापना स्व. श्रीमती उर्मिला देवी की स्मृति और उनके सेवा भाव को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से की गई थी। आज चार वर्षों में हमने उस सपने को साकार करने का प्रयास किया है। उन्होंने बताया कि उर्मिला फाउंडेशन के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप प्रत्येक व्यक्ति तक स्वास्थ्य लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।

 

* जटिल ऑपरेशनों में हासिल की महारत

 

डॉ विनोद सिंह ने बताया कि इन चार वर्षों में उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल ने चिकित्सा के क्षेत्र में कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। यहां गंभीर पेट रोग, हर्निया, पित्त की पथरी

, हृदय रोग, मस्तिष्क रोग, हड्डी रोग और स्त्री रोग से संबंधित सैकड़ों सफल एवं जटिल ऑपरेशन विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा किए गए हैं। कम खर्च में उच्च स्तरीय इलाज उपलब्ध कराना ही अस्पताल का मुख्य उद्देश्य रहा है।

* रंगारंग प्रस्तुतियों ने बांधा समां

स्थापना दिवस समारोह का सबसे आकर्षक हिस्सा कर्मचारियों द्वारा दी गई सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। अस्पताल में कार्यरत डॉक्टरों, नर्सों एवं अन्य कर्मचारियों ने एक से बढ़कर एक नृत्य, गीत और समूह नृत्य की प्रस्तुति देकर सबका दिल जीत लिया। इसके अलावा कर्मचारियों ने स्वास्थ्य संबंधित जागरूकता और सुरक्षा को लेकर एक प्रेरक नाटक की प्रस्तुति भी दी, जिसमें बताया गया कि छोटी-छोटी सावधानियां बरतकर कैसे बड़ी बीमारियों से बचा जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में अस्पताल के सीओओ कृष्ण कुमार दुबे ने कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि सहित सभी गणमान्य जनों, चिकित्सकों और स्टाफ का हृदय से आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल और गरिमामय मंच संचालन अस्पताल के एचआर जयदीप ने किया।

रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव

Leave A Reply

Exit mobile version