पसान में बापू की प्रतिमा नहीं होने पर मानवेंद्र मिश्रा ने फेसबुक पोस्ट के माध्यम से उठाया सवाल, कहा—विकास के साथ महापुरुषों का सम्मान भी जरूरी
पसान/अनूपपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष मानवेंद्र मिश्रा ने पसान नगर में महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थापित किए जाने की मांग को लेकर सोशल मीडिया पर अपनी बात रखी। उन्होंने अपने फेसबुक पोस्ट के माध्यम से नगर में बापू की प्रतिमा नहीं होने पर पीड़ा व्यक्त करते हुए इसे आत्ममंथन का विषय बताया।
मानवेंद्र मिश्रा ने अपने पोस्ट में कहा कि महात्मा गांधी ने पूरी दुनिया को सत्य और अहिंसा का संदेश दिया। विश्व के अनेक देशों में उनकी प्रतिमाएं उनके विचारों और आदर्शों की याद दिलाती हैं, लेकिन पसान नगर में उनकी प्रतिमा का नहीं होना विचारणीय है।
उन्होंने कहा कि “पसान का विकास तभी सार्थक होगा, जब यहाँ विकास के साथ-साथ महापुरुषों का सम्मान और उनकी विरासत भी सुरक्षित होगी।”
गांधी जयंती पर बापू को नमन करते हुए मिश्रा ने सवाल उठाया कि आखिर पसान नगर में महात्मा गांधी की प्रतिमा कब स्थापित होगी? उनके इस पोस्ट के माध्यम से नगर में महापुरुषों के सम्मान और उनकी स्मृतियों को सहेजने का मुद्दा सामने आया है।
जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष मानवेंद्र मिश्रा की इस पहल के जरिए पसान नगर में महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थापित करने की मांग पर चर्चा शुरू होने की संभावना है। अब देखना होगा कि नगर में बापू की प्रतिमा स्थापित करने की दिशा में संबंधित जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की ओर से क्या पहल की जाती है।
रिपोर्टर दिनेश केवट
अनुपपुर







