ढीमरखेड़ा में तत्कालीन निरीक्षक रहते उत्कृष्ट पुलिस कार्य के लिए प्रदेश के 37 पुलिसकर्मियों में चयन, मिलेंगे 50 हजार रुपए और प्रमाण पत्र
ढीमरखेड़ा। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में उत्कृष्ट पुलिस कार्य, साहस और कर्तव्यनिष्ठा के लिए कटनी जिले के तत्कालीन ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे का चयन प्रतिष्ठित केएफ रुस्तम जी पुरस्कार वर्ष 2024-25 के लिए किया गया है। प्रदेशभर से चयनित 37 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की सूची में अभिषेक चौबे का नाम शामिल होने से कटनी पुलिस के साथ ही ढीमरखेड़ा क्षेत्र में भी खुशी का माहौल है।
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा जारी पुरस्कार सूची के अनुसार अभिषेक चौबे को ढीमरखेड़ा में निरीक्षक के पद पर पदस्थ रहते हुए किए गए उत्कृष्ट, साहसिक और उल्लेखनीय पुलिस कार्यों के लिए इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुना गया है। पुरस्कार के तहत उन्हें 50 हजार रुपए की राशि एवं प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।
चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बेहतर पुलिसिंग बनी पहचान
केएफ रुस्तम जी पुरस्कार मध्यप्रदेश पुलिस के प्रतिष्ठित सम्मानों में शामिल है। यह पुरस्कार दस्यु उन्मूलन, नक्सल विरोधी अभियानों, सांप्रदायिक दंगों, गंभीर कानून-व्यवस्था की परिस्थितियों सहित अन्य चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में उल्लेखनीय पुलिस कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रदान किया जाता है।
अभिषेक चौबे ने ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र में निरीक्षक के रूप में जिम्मेदारी संभालते हुए विभिन्न पुलिस अभियानों और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में प्रभावी कार्रवाई की। इन्हीं उल्लेखनीय पुलिस कार्यों के आधार पर उनका चयन प्रदेश के चुनिंदा पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए किया गया है।
प्रदेश के 37 अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित होंगे
वर्ष 2024-25 के लिए मध्यप्रदेश के कुल 37 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों का केएफ रुस्तम जी पुरस्कार के लिए चयन हुआ है। पुरस्कार परम विशिष्ट, अति विशिष्ट और विशिष्ट श्रेणियों में प्रदान किया जाएगा।
पुलिस विभाग में इस सम्मान को कठिन परिस्थितियों में असाधारण दायित्व निभाने वाले पुलिसकर्मियों के कार्य की पहचान के रूप में देखा जाता है। अभिषेक चौबे के चयन की खबर सामने आने के बाद पुलिस विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों और ढीमरखेड़ा क्षेत्र के लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की है।
रिपोर्ट जितेंद्र मिश्रा







