साइबर जागरूकता अभियान के समापन अवसर पर पुलिस लाइन दुर्ग में आयोजित हुआ रक्तदान शिविर।
दुर्ग। सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती एवं साइबर जागरूकता अभियान के समापन अवसर पर 31 अक्टूबर को पुलिस लाइन दुर्ग में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जनसेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

शिविर में नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग हर्षित मेहर एवं उप पुलिस अधीक्षक लाइन चंद्र प्रकाश तिवारी सहित कुल 25 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने रक्तदान किया। इनमें 02 निरीक्षक, 07 उप निरीक्षक/सहायक उप निरीक्षक, 04 प्रधान आरक्षक एवं 12 आरक्षक शामिल रहे।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मणिशंकर चंद्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक IUCAW ममता देवांगन, नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग हर्षित मेहर, उप पुलिस अधीक्षक लाइन चंद्र प्रकाश तिवारी, रक्षित निरीक्षक दुर्ग नीलकंठ वर्मा सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
दुर्ग पुलिस ने रक्तदान करने वाले सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों के सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए भविष्य में भी जनहित एवं सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपनी क्षमता एवं स्वास्थ्य के अनुरूप रक्तदान जैसे जनहितकारी कार्यों में सहभागिता करने की अपील की।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़








