डुंगा और रेकावाया के जंगलों में डीआरजी की कार्रवाई, ड्रिल मशीन, वेल्डिंग मशीन, कटर और ग्राइंडर समेत कई उपकरण जब्त।
नारायणपुर। जिले में नक्सल मुक्ति के बाद भी सुरक्षा बलों द्वारा जंगल और अंदरूनी क्षेत्रों में सघन सर्च अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में डीआरजी की टीम ने ग्राम डुंगा एवं रेकावाया के जंगल क्षेत्र में सर्च अभियान चलाकर बड़ी मात्रा में मशीनरी उपकरण और तकनीकी सामग्री बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अजय कुमार एवं श्री ऐश्वर्य चंद्राकर के मार्गदर्शन तथा डीएसपी श्री मनोज कुमार मंडावी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को डीआरजी की टीम जंगल क्षेत्र में सर्च अभियान पर निकली थी। इस दौरान सुरक्षा बलों को विभिन्न स्थानों से ड्रिल मशीन, वेल्डिंग मशीन, कटर मशीन, बेंच ग्राइंडर, टेबल ड्रिल मशीन, ब्लोअर, मोटर सहित कई प्रकार के तकनीकी उपकरण मिले।
बरामद सामग्री में 02 ड्रिल मशीन, 02 वेल्डिंग मशीन, 01 कटर मशीन, 03 ब्लोअर, 01 बेंच ग्राइंडर, 01 टेबल ड्रिल मशीन, 02 टेबल ग्राइंडर, 13 वायरिंग बोर्ड, वेल्डिंग होल्डर, ड्रिल बिट, स्पैनर, टेप रिंच, वी-बेल्ट, बेंच वाइस सहित अन्य मशीनरी उपकरण एवं तकनीकी सामग्री शामिल हैं।
नारायणपुर पुलिस का कहना है कि नक्सल मुक्ति के बाद भी जिले के जंगलों और अंदरूनी इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा बलों का उद्देश्य क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा कायम रखने के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखना है।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़





