पुलिस अधीक्षक कटनी श्री अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में जिले में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा मारपीट, गाली-गलौज एवं शराब पीने के लिए जबरन रुपये मांगने जैसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। उक्त निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य एवं डीएसपी मुख्यालय श्री रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना बड़वारा पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए मारपीट के प्रकरण में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
घटना का संक्षिप्त विवरण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 12.11.2026 को फरियादी तुलसीदास राव पिता रुमरुद्र राव, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम सलैया ठाकुर, थाना बड़वारा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 11.11.2026 की रात्रि करीब 11 बजे वह अपने घर के सामने खड़ा था। इसी दौरान गांव के विमल सिंह रघुवंशी एवं अंकित सिंह रघुवंशी वहां पहुंचे और शराब पीने के लिए रुपये मांगने लगे। फरियादी द्वारा मजदूर होने एवं रुपये नहीं होने की बात कहकर पैसे देने से मना करने पर दोनों आरोपियों ने उसके साथ अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों ने हाथ में लिए डंडों से मारपीट कर दी, जिससे फरियादी के दोनों हाथों, बाएं पैर की पिंडली, कमर के बाईं ओर एवं बाएं कान के पीछे चोटें आईं।
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना बड़वारा में आरोपीगण के विरुद्ध अपराध क्रमांक 663/2026, धारा 119(1), 296(बी), 351(2), 115(2), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपियों की पुलिस द्वारा लगातार तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में दिनांक 13.11.2026 को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपी – विमल सिंह रघुवंशी पिता सतेन्द्र सिंह रघुवंशी, उम्र 25 वर्ष, अंकित सिंह रघुवंशी पिता धूप सिंह रघुवंशी, उम्र 24 वर्ष दोनों निवासी ग्राम सलैया ठाकुर, थाना बड़वारा, जिला कटनी (म.प्र.)।
पुलिस टीम की विशेष भूमिका – उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक रामनाथ साकेत, प्रताप सिंह, सहायक उप निरीक्षक रघुवीर सिंह, सहायक उप निरीक्षक महेश प्रताप सिंह, प्रधान आरक्षक नीतेश डोंगरे एवं प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र चढ़ार की विशेष भूमिका रही।
रिपोर्ट जितेन्द्र मिश्रा





