मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बड़े भाई नारायण दादा यादव होंगे कार्यक्रम में शामिल, रेजांगला युद्ध के 120 वीर अहीर शहीदों को दी जाएगी श्रद्धांजलि; प्रतिभावान विद्यार्थियों, युवाओं और समाज के वरिष्ठजनों का होगा सम्मान
नीमच। यादव शौर्य दिवस के अवसर पर 18 नवंबर 2026 को नीमच जिला मुख्यालय पर अहीर यादव यदुवंशी समाज द्वारा भव्य वाहन रैली एवं विशाल सामाजिक महाकुंभ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए नारायणी सेना यदुवंशी अहीर समाज की टीम गांव-गांव पहुंचकर समाजजनों को आमंत्रित कर रही है। राजस्थान एवं मध्यप्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में समाज बंधुओं से संपर्क कर कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की जा रही है।
इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बड़े भाई आदरणीय नारायण दादा यादव की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। नारायण दादा यादव की उपस्थिति से कार्यक्रम को विशेष गरिमा मिलेगी। उनके साथ समाज के अनेक वरिष्ठजन, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
18 नवंबर को नीमच शहर में भव्य वाहन रैली निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के युवा एवं समाजजन भाग लेंगे। इसके पश्चात नीमच टाउन हॉल में विशाल सामाजिक सभा आयोजित होगी। इस दौरान रेजांगला युद्ध में मातृभूमि की रक्षा करते हुए वीरगति प्राप्त करने वाले 120 अहीर वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। उनकी अदम्य वीरता, साहस और बलिदान को याद करते हुए समाज में एकता, शिक्षा और संगठन का संदेश दिया जाएगा।
कार्यक्रम में समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों, खेल प्रतिभाओं, समाज के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले युवाओं तथा वरिष्ठ समाजजनों का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को समाज के गौरवशाली इतिहास, वीरता और बलिदान से परिचित कराने के साथ सामाजिक एकता को मजबूत करना है।
नारायणी सेना यदुवंशी अहीर समाज के जिला अध्यक्ष हरीश अहीर ने जानकारी देते हुए मध्यप्रदेश एवं राजस्थान के समस्त अहीर, यादव और यदुवंशी समाज बंधुओं से आह्वान किया कि 18 नवंबर को अधिक से अधिक संख्या में नीमच पहुंचकर इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बनें और वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करें।
उन्होंने कहा कि यादव शौर्य दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि हमारे वीर पूर्वजों के बलिदान को नमन करने, समाज की एकजुटता प्रदर्शित करने और आने वाली पीढ़ी को गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का अवसर है। समाज के प्रत्येक परिवार और युवा की भागीदारी से इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाया जाएगा।
जिला ब्यूरो ललित सिंह चुंडावत नीमच✍️





