3 किसानों को नोटिस जारी
सतना 14 नवम्बर 2026/कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस द्वारा जिले के किसान भाइयों से धान की फसल की कटाई के बाद पराली नहीं जलाने की अपील की गई है। पराली के समुचित प्रबंधन के लिए किसानों को हैप्पी सीडर, सुपर सीडर, जीरो टिल सीड ड्रिल, स्ट्रा मैनेजमेंट सिस्टम युक्त कंबाइन हार्वेस्टर, रीपर कंबाइनर एवं बेलर का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास आशीष पाण्डेय ने बताया कि पराली जलाने से मिट्टी की उर्वरता, कृषि उत्पादन एवं पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। एक टन धान के भूसे में लगभग 5.5 किलोग्राम नाइट्रोजन, 2.3 किलोग्राम फास्फोरस, 25 किलोग्राम पोटेशियम, 1.2 किलोग्राम सल्फर और 400 किलोग्राम कार्बन पाया जाता है जो पराली जलाने से नष्ट हो जाता है। इसी प्रकार एक टन पराली जलाने से हानिकारक गैसों एवं प्रदूषक तत्वों का उत्सर्जन होता है, जिसका मानव स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। पराली जलाने पर प्रतिबंध के संबंध में पर्यावरण सुरक्षा हेतु नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के निर्देश जारी हैं। निर्देशों का उल्लंघन करने पर 2 एकड़ से कम भूमि धारक किसानों पर 2500 रुपये, 2 से 5 एकड़ तक भूमि धारक किसानों पर 5000 रुपये तथा 5 एकड़ से अधिक भूमि धारक किसानों पर 15 हजार रुपये प्रति घटना पर्यावरण क्षतिपूर्ति राशि निर्धारित की गई है। इसी क्रम में जिले में पराली जलाने की 12 घटनाएं प्रमाणित होने पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व रामपुर बाघेलान द्वारा 5 किसानों पर कुल 12 हजार 500 रुपये तथा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मझगवां द्वारा 4 किसानों पर कुल 10 हजार रुपये का अर्थदण्ड अधिरोपित किया गया है। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व नागौद द्वारा 3 किसानों को नोटिस जारी किए गए हैं। फसल कटाई में उपयोग होने वाले कंबाइन हार्वेस्टर में स्ट्रा मैनेजमेंट सिस्टम, स्ट्रा रीपर अथवा बेलर का उपयोग अनिवार्य किया गया है। इसके लिए जिला परिवहन अधिकारी, सहायक कृषि अभियांत्रिकी, कृषि विभाग तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा सतत निगरानी की जा रही है। बिना आवश्यक स्ट्रा मैनेजमेंट सिस्टम, स्ट्रा रीपर अथवा बेलर के कंबाइन हार्वेस्टर संचालित पाए जाने पर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
मधुमेह से बचाव के लिए हम स्वयं सतर्क रहें और दूसरों को भी जागरूक बनाएं- मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री ने विश्व मधुमेह दिवस पर दिया संदेश
सतना 14 नवम्बर 2026/मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विश्व मधुमेह दिवस पर जारी अपने संदेश में कहा कि मधुमेह से बचाव के लिए हम स्वयं सतर्क रहें और दूसरों को भी जागरूक बनाएं। समय-समय पर स्वास्थ्य जांच से मधुमेह के जोखिम को कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि विश्व मधुमेह दिवस हमें संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और संयमित जीवन शैली से सदैव स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित और जागरूक करता है।
प्रशांत त्रिपाठी सतना ब्यूरो





