दिवंगत आरक्षक के पुत्र को अनुकंपा नियुक्ति, एसपी ने घर पहुंचकर सौंपा नियुक्ति पत्र
जशपुर, 23 सितंबर 2026। दिवंगत आरक्षक देव नारायण सिंह के परिवार के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने उनके पुत्र बोनी प्रसाद सिंह को आरक्षक के पद पर अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की। विशेष बात यह रही कि पुलिस कप्तान स्वयं दिवंगत आरक्षक की तेरहवीं के दिन उनके गृह ग्राम पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर नियुक्ति पत्र सौंपा।
आरक्षक देव नारायण सिंह का उपचार के दौरान 11 सितंबर 2026 को रायपुर के बालाजी हॉस्पिटल में निधन हो गया था। वे वर्ष 2007 में जिला पुलिस बल जशपुर में आरक्षक के पद पर नियुक्त हुए थे और रक्षित केंद्र जशपुर सहित सन्ना थाना, सिटी कोतवाली जशपुर तथा एसडीओपी कार्यालय कुनकुरी एवं जशपुर में सेवाएं दी थीं। WhatsApp Image 2026 09 23 at 17.29.08 1
दिवंगत आरक्षक के निधन के बाद डॉ. लाल उमेद सिंह ने परिवार की स्थिति को देखते हुए अनुकंपा नियुक्ति की विभागीय प्रक्रिया को प्राथमिकता से पूरा कराया। तेरहवीं के अवसर पर उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि जशपुर पुलिस परिवार हमेशा उनके साथ खड़ा है। उन्होंने दिवंगत आरक्षक की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की कामना की।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार, एसडीओपी निमितेश सिंह, डीएसपी कुंज राम चौहान, डीएसपी आजाक भावेश कुमार समरथ, डीएसपी शुभम कुमार तिवारी, डीएसपी आशा तिर्की, रक्षित निरीक्षक अमरजीत खूंटे तथा थाना प्रभारी लोदाम कृष्ण कुमार साहू सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply

Exit mobile version