मृतिका के हाथ पर बने “K.K.” टैटू से हुई पहचान, तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों से पुलिस पहुंची आरोपी तक।
बालोद। डौंडी लोहारा थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर का पुलिस ने सफल खुलासा किया। थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश सिंह की सतत निगरानी एवं मार्गदर्शन में हुई प्रभावी और वैज्ञानिक विवेचना के परिणामस्वरूप आरोपी को माननीय DJ न्यायालय ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
मामले की शुरुआत में मृतिका की पहचान पुलिस के सामने बड़ी चुनौती थी। मृतिका के हाथ पर अंग्रेजी अक्षरों में “K.K.” का टैटू बना हुआ था। पुलिस ने इसे महत्वपूर्ण पहचान की कड़ी मानते हुए तकनीकी एवं मैदानी स्तर पर जांच शुरू की।
लगातार प्रयासों के बाद मृतिका की पहचान बालोद निवासी कमला राजपूत के रूप में हुई। पहचान सामने आने के बाद पुलिस ने मृतिका के संपर्कों, गतिविधियों और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की।
निरीक्षक मुकेश सिंह की निगरानी में पुलिस टीम ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर भौतिक एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्य जुटाए। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और वैज्ञानिक जांच का सहारा लेकर घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ा गया।
तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण और लगातार की गई मैदानी विवेचना के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही। पुलिस द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
मामले की सुनवाई के बाद माननीय DJ न्यायालय ने आरोपी को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा से दंडित किया।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़
