नीमच। आस्था, भक्ति और उल्लास के महापर्व नवरात्रि के उपलक्ष्य में नीमच अंचल के सबसे बड़े गरबा महोत्सव अरुल अशोक गंगानगर प्रेजेंट्स डायमंड रोटरी डांडिया का 11 अक्टूबर रविवार से विधिवत शुभारंभ होने जा रहा है। स्थानीय गांधी वाटिका परिसर में आयोजित होने वाले इस 9 दिवसीय भव्य गरबा महोत्सव को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। आयोजन को लेकर शहर सहित आसपास के क्षेत्रों के गरबा प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
डांडिया संयोजक हेमंत भंडारी, कमल मंगल, दीपक मूंदड़ा, आशीष गर्ग (बामन बर्डी), करणवीर सिंह ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि बीते डेढ़ दशक की गौरवमयी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी डायमंड रोटरी डांडिया को अभूतपूर्व स्वरूप दिया गया है। पहले ही दिन से 25 से अधिक प्रतिष्ठित गरबा ग्रुप्स पारंपरिक और आधुनिक धुनों पर माता रानी के समक्ष अपनी विशेष नृत्य आराधना प्रस्तुत करेंगे।
10 हजार वर्गफीट का विशाल पांडाल और अत्याधुनिक सुविधाएं
आयोजकों के अनुसार, इस वर्ष श्रद्धालुओं और प्रतिभागियों की सुविधा के लिए 10 हजार वर्गफीट का भव्य, सुसज्जित पांडाल तैयार किया गया है। थिरकने पर मजबूर कर देने वाले स्पेशल साउंड इफेक्ट्स, झिलमिलाती दूधिया रोशनी, आरामदेह दर्शक दीर्घा, बड़ा पार्किंग स्थल और बच्चों के लिए झूले-चकरी की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही महिलाओं और पारिवारिक दर्शकों की सुरक्षा के मद्देनजर महिला सुरक्षा गार्ड्स, पुलिस बल तथा रोटरी डायमंड के सवा सौ से अधिक समर्पित वॉलंटियर्स चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेंगे।
विधिवत घटस्थापना और महाआरती से होगी शुरुआत
रोटरी डायमंड क्लब अध्यक्ष रोटेरियन गुणवंत जैन, सचिव धीरज गांधी कोषाध्यक्ष अनुज माहेश्वरी ने बताया कि कल शाम मां जगदंबे के चमत्कारी दरबार में विधिवत घटस्थापना एवं महाआरती के साथ महोत्सव का शुभारंभ होगा। इस दौरान शहर के गणमान्य नागरिक, समाजजन और विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहेंगे।
जिला ब्यूरो ललित सिंह चुंडावत नीमच✍️

