संकट मोचन हनुमान मंदिर में गूंजे ढोल-नगाड़े, भाजपा प्रवक्ता राजकुमार राठी ने मनाया जन्मदिन: सर्वसमाज की कन्याओं के विवाह हेतु धर्मशाला का किया ऐलान
सेवा और संकल्प के साथ मना भाजपा प्रवक्ता राजकुमार राठी का जन्मोत्सव, बड़े भाई कुबेर राठी के सेवा कार्यों को नमन कर प्रदेश की खुशहाली की कामना
माता-पिता के नाम पर धर्मशाला बनाना मेरा स्वप्न:भाजपा प्रवक्ता राजकुमार राठी
रायपुर। राजधानी के हृदयस्थल रायपुर रेलवे स्टेशन परिसर स्थित ऐतिहासिक श्री सर्व धर्म संकट मोचन हनुमान मंदिर में भाजपा प्रवक्ता राजकुमार राठी का जन्म दिवस श्रद्धा, उल्लास और सेवाभाव के अनूठे संगम के साथ मनाया गया। ढोल-नगाड़ों की थाप, गगनभेदी जयकारों और पुष्प वर्षा के बीच उपस्थित समर्थकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं पार्टी पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ व फूलमालाएं भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत व अभिनंदन किया।
जन्मदिन के पावन अवसर पर भाजपा प्रवक्ता राजकुमार राठी ने दक्षिण मुखी श्री सर्व धर्म संकट मोचन हनुमान मंदिर में पवनपुत्र बजरंगबली की विधिवत पूजा-अर्चना व भव्य आरती की। उन्होंने शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया और छत्तीसगढ़ प्रदेशवासियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख, शांति एवं निरंतर समृद्धि की मंगलकामना की।
पूजा-अर्चना के उपरांत राजकुमार राठी ने श्री सर्व धर्म संकट मोचन हनुमान मंदिर सेवा समिति के तत्वावधान में विगत 17 वर्षों से अनवरत संचालित महाभंडारे में सहभागिता निभाई। उन्होंने अपने करकमलों से श्रद्धालुओं व आमजनों को महाप्रसाद का वितरण किया। इस अवसर पर हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई समेत सभी धर्मों, समाजों और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एक मंच पर आकर उन्हें दीर्घायु व यशस्वी जीवन की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
शुभकामनाओं के लिए सभी का आभार व्यक्त करते हुए भाजपा प्रवक्ता राजकुमार राठी ने अपने जीवन के सबसे बड़े सेवा संकल्प की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जन्मदिवस के इस पुनीत अवसर पर मैं राजधानी में अपने पूज्य माताजी एवं बाबूजी के नाम से एक सर्वसुविधायुक्त धर्मशाला का निर्माण करने जा रहा हूँ। यह धर्मशाला हर समुदाय व वर्ग की बेटियों के विवाह संस्कार और सभी प्रकार के धार्मिक-सामाजिक आयोजनों के लिए समर्पित रहेगी। माता-पिता के नाम पर समाजोपयोगी धर्मशाला बनाना मेरा जीवन-स्वप्न है, जिसे मैं हर हाल में पूरा करूँगा।
अतीत के सामाजिक योगदानों को रेखांकित करते हुए उन्होंने उल्लेख किया कि अवंति विहार में ऐतिहासिक अटल चौक की स्थापना उनके द्वारा कराई गई थी, जो राष्ट्रभक्ति और जनसेवा का प्रतीक है।बड़े भाई एवं मंदिर समिति के संस्थापक समाजसेवी कुबेर राठी के प्रति कृतज्ञता प्रकट करते हुए राजकुमार राठी भावुक हो उठे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2009 से लगातार चल रहे इस महाभंडारे की नींव उनके बड़े भाई कुबेर राठी ने रखी थी। उन्होंने कहा कि मैं कभी किसी बात का अहंकार नहीं करता, लेकिन मेरे अग्रज कुबेर राठी जो मुझसे केवल दो वर्ष बड़े हैं ने सेवा की जो मिसाल कायम की है, उसे देखकर गर्व की अनुभूति होती है। मैं ईश्वर से यही प्रार्थना करता हूँ कि हर जन्म में मुझे कुबेर राठी जैसा ही बड़ा भाई मिले। ऐसा भ्राता पाकर स्वाभिमान और गर्व होना सर्वथा स्वाभाविक है।
कार्यक्रम में आंध्रा एसोसिएशन के पूर्व सचिव श्रीनिवास राव ने भाजपा प्रवक्ता राजकुमार राठी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वर्ष 2009 से निरंतर जारी यह महाभंडारा राजधानी के सेवा प्रकल्पों में मील का पत्थर है। आज राठी जी के जन्मदिन पर सर्वधर्म समभाव का अनुपम दृश्य देखने को मिला, जहां ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा से उनका स्वागत किया गया।
वहीं, मंदिर सेवा समिति के संस्थापक व प्रख्यात समाजसेवी कुबेर राठी ने अपने अनुज को आशीर्वाद व स्नेहिल शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राजकुमार का जनसेवा और सनातन मूल्यों के प्रति समर्पण सदैव प्रेरणादायक रहा है। उनके द्वारा घोषित धर्मशाला निर्माण का संकल्प समाज के अंतिम व्यक्ति तक संबल पहुँचाएगा।
जन्मोत्सव के इस पावन उपलक्ष्य पर भाजपा प्रवक्ता राजकुमार राठी ने सनातन परंपरा और जीवदया के संकल्प को निभाते हुए श्री सर्व धर्म संकट मोचन हनुमान मंदिर सेवा समिति के कार्यालय परिसर में श्रद्धापूर्वक गौ सेवा की। उन्होंने गौमाता का विधिपूर्वक पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद लिया और अपने हाथों से उन्हें प्रेमपूर्वक भोजन व हरा चारा खिलाया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गौमाता में तैंतीस कोटि देवी-देवताओं का वास होता है, और उनकी सेवा से न केवल आध्यात्मिक शांति मिलती है बल्कि समाज में करुणा और संरक्षण का भाव भी सुदृढ़ होता है। उनका यह सेवाभाव उपस्थित सभी श्रद्धालुओं और समर्थकों के लिए अत्यंत प्रेरणादायी रहा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी नागरिकों, पार्टी पदाधिकारियों एवं विभिन्न समाजों के प्रमुखों ने मिष्ठान वितरण कर एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया और राजकुमार राठी के दीर्घायु व उज्ज्वल राजनीतिक-सामाजिक जीवन की कामना की।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़

