दो ट्रैक्टर–ट्रॉली बिना वैध दस्तावेज रेत का परिवहन करते जब्त
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में जिले में अवैध रेत परिवहन के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य एवं डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना बड़वारा पुलिस ने अवैध रूप से रेत का परिवहन करते हुए दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए हैं।
घटना का संक्षिप्त विवरण
दिनांक 10 अक्टूबर 2026 को भ्रमण के दौरान बड़वारा पुलिस को ग्राम सकरीगढ़ स्थित महानदी पुल के पास लाल रंग का महिंद्रा कंपनी का एक ट्रैक्टर मिला, जिसकी ट्रॉली में रेत भरी हुई थी। पुलिस ने ट्रैक्टर को रोककर चालक से पूछताछ की। चालक ने अपना नाम उमेश उर्फ राजा पटेल, पिता रामजी पटेल, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम गणेशपुर, थाना बड़वारा, जिला कटनी बताया। रेत के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे जाने पर चालक कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसी प्रकार, महानदी घाट की पुलिया के पास लाल रंग का महिंद्रा कंपनी का एक अन्य ट्रैक्टर रेत से भरा हुआ मिला। पुलिस द्वारा वाहन को रोककर चालक से पूछताछ की गई, जिस पर उसने अपना नाम संजय कुमार पटेल, पिता सोनेलाल पटेल, उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम बसाड़ी, थाना बड़वारा, जिला कटनी बताया। उक्त चालक भी रेत के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
दोनों वाहनों से संबंधित मामले में धारा 106 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षार्थ खड़े करवाए।
कार्रवाई में इनकी रही विशेष भूमिका
सम्पूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय, उप निरीक्षक प्रदीप कुमार जाटव, प्रधान आरक्षक नितेश डोंगरे, प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र तथा आरक्षक आकाश रावत, अनिल साकेत एवं शिवप्रकाश तिवारी की विशेष भूमिका रही।

रिपोर्ट जितेंद्र मिश्रा

Comments are closed.

Exit mobile version