तात्कालिक विवाद बना हत्या का कारण, न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस और एण्टी क्राइम यूनिट की संयुक्त कार्रवाई।
रायपुर। न्यू राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र के अमलीडीह स्थित स्वर्ण जयंती चौक के पास शोभायात्रा के दौरान हुए विवाद में गौरव सेन की हत्या के मामले में पुलिस ने विधि से संघर्षरत बालक को घटना के चंद घंटों के भीतर पकड़ लिया है।
पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे शोभायात्रा के दौरान स्वर्ण जयंती चौक पर विवाद और धक्का-मुक्की हुई। इसी दौरान एक लड़के ने पास पड़े टेंट में उपयोग होने वाले पेपर कटर से गौरव सेन की जांघ पर वार कर दिया और मौके से फरार हो गया। घायल गौरव को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मृत्यु हो गई।
मामले में प्रार्थी अजय सेन की रिपोर्ट पर थाना न्यू राजेन्द्र नगर में अपराध क्रमांक 363/26, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट एवं थाना न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने संबंधित अपचारी बालक को पकड़ लिया।
पूछताछ में उसने तात्कालिक विवाद के दौरान पेपर कटर से वार करना स्वीकार किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पेपर कटर जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की है।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़।

