डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
डिंडोरी में मेडिकल स्टोर्स पर औचक निरीक्षण, अनियमितताओं पर प्रशासन की कार्रवाई
डिंडोरी। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में औषधि निरीक्षक द्वारा जिले के शहपुरा और विक्रमपुर क्षेत्र में संचालित मेडिकल स्टोर्स का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान दवा दुकानों में दवाओं के भंडारण, विक्रय व्यवस्था तथा आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान जनता मेडिकल स्टोर्स, सूर्या मेडिकल स्टोर्स, शिव मेडिकल स्टोर्स, बालाजी मेडिकल स्टोर्स, हर्ष मेडिकल एंड जनरल स्टोर्स, गुप्ता मेडिकल स्टोर्स तथा शिल्पा मेडिकल स्टोर्स का परीक्षण किया गया।
जांच के दौरान कुछ मेडिकल स्टोर्स में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। इनमें फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति में दवाओं की बिक्री, बिल बुक का समुचित संधारण न होना तथा एक्सपायरी दवाओं का अन्य स्टॉक के साथ रखा जाना शामिल है।
इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित दवा दुकानों को फार्मासिस्ट की उपस्थिति सुनिश्चित होने तक अस्थायी रूप से बंद कराया गया है। साथ ही संबंधित संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दवा विक्रय से जुड़े नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा और आमजन के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

