डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया

रपुरा में जनचौपाल व प्रशासनिक शिविर, शहपुरा में रात्रि विश्राम; कल शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि और बरखेड़ा आश्रम में पौधारोपण के बाद कुण्डम रवाना होंगी यात्रा

डिंडौरी/शहपुरा। सेवा संकल्प अभियान के तहत निकाली गई ‘जन, जल, संकल्प सेवा’ बाइक यात्रा सोमवार शाम डिंडौरी जिले के शहपुरा क्षेत्र पहुंची। करीब 250 बाइकों पर सवार लगभग 500 प्रतिभागियों के साथ पहुंची यात्रा का धीरवान कला और रयपुरा में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने स्वागत किया। धीरवान कला में स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर बाइक यात्रियों का अभिनंदन किया।

वाराणसी से गुजरात के वडनगर की ओर बढ़ रही यात्रा विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए डिंडौरी जिले में पहुंची। जिले में प्रवेश के बाद यात्रा के दौरान जनसंवाद के साथ स्वच्छता, पौधारोपण, गौसेवा और स्वास्थ्य संवाद जैसी सेवा गतिविधियां आयोजित की गईं।

रयपुरा में जन चौपाल, हितग्राहियों ने साझा किए अनुभव

यात्रा के रयपुरा पहुंचने पर लाभार्थी जन चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों से संवाद किया गया। हितग्राहियों ने उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना और किसान सम्मान निधि सहित अन्य योजनाओं से मिले लाभ एवं अपने अनुभव साझा किए।

रयपुरा में प्रशासन की ओर से विशेष शिविर भी लगाया गया। यहां यात्रा में शामिल प्रतिभागियों और स्थानीय नागरिकों के लिए पेयजल, स्वास्थ्य, स्वच्छता सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे और लोगों को शासकीय योजनाओं एवं विभागीय सेवाओं की जानकारी दी गई।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने किया स्वागत

यात्रा के डिंडौरी जिले में पहुंचने पर शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे, कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया, पुलिस अधीक्षक आशीष खरे, वनमंडल अधिकारी अशोक सोलंकी, अनुसूचित जनजाति प्रदेशाध्यक्ष पंकज सिंह तेकाम, जनपद पंचायत अध्यक्ष एवं भाजपा जिलाध्यक्ष चमरू नेताम सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने स्वागत किया। इस दौरान भाजपा एवं युवा मोर्चा के पदाधिकारी-कार्यकर्ताओं के साथ सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे।

शहपुरा में रात्रि विश्राम, अगले दिन सेवा गतिविधियां

रयपुरा में जन चौपाल और संवाद कार्यक्रम के बाद यात्रा शहपुरा के लिए रवाना हुई, जहां करीब 500 प्रतिभागियों के रात्रि विश्राम की व्यवस्था प्रशासन द्वारा की गई है।

बुधवार को यात्रा में शामिल प्रतिभागी शहपुरा स्थित शहीद स्मारक पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद यात्रा बरखेड़ा आश्रम पहुंचेगी, जहां पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा। यहां से यात्रा जबलपुर जिले के कुंडम के लिए रवाना होगी।

‘संकल्प सेवा’ यात्रा के माध्यम से सेवा, सामाजिक सहभागिता, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण का संदेश देने के साथ शासन की विभिन्न योजनाओं से लोगों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। डिंडौरी प्रवास के दौरान प्रशासन एवं विभिन्न विभागों ने यात्रा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं।

Leave A Reply

Exit mobile version