रात्रि में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं वाहनों की दृश्यता बढ़ाने चलाया गया विशेष जागरूकता अभियान।
रात्रि के समय सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस छिंदवाड़ा द्वारा कुश्मेली कृषि उपज मंडी में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 80 से अधिक ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं पिकअप वाहनों पर रेडियम पट्टियां लगाई गईं।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आयोजित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य रात्रि के समय कृषि कार्य एवं परिवहन में उपयोग होने वाले वाहनों की दृश्यता बढ़ाना तथा सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करना है।
अभियान के दौरान यातायात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा मंडी में उपस्थित वाहन चालकों को रेडियम पट्टियों के महत्व के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि रात के अंधेरे एवं कम रोशनी में ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा पिकअप जैसे वाहन अन्य वाहन चालकों को आसानी से दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटनाएं होने की आशंका बनी रहती है। ऐसे में वाहनों के आगे एवं पीछे रेडियम पट्टियां लगी होने से दूर से ही वाहनों की पहचान हो जाती है और संभावित सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में मदद मिलती है।
अभियान में उपस्थित पुलिस अधिकारी :
– यातायात प्रभारी श्री संदीप सुनेश।
– R.I. श्री लखन सिंह बघेल।
– सूबेदार श्री लोहित शेंडे।
– यातायात पुलिस का अधिकारी एवं कर्मचारी बल।
यातायात पुलिस द्वारा वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, रात्रि में सावधानीपूर्वक वाहन चलाने, वाहनों में आवश्यक सुरक्षा संकेतक एवं रेडियम पट्टियां लगाने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की समझाइश दी गई।
यातायात पुलिस की अपील :
समस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं पिकअप वाहन चालक अपने वाहनों के आगे, पीछे एवं आवश्यकतानुसार किनारों पर रेडियम पट्टियां अवश्य लगवाएं। स्वयं सुरक्षित रहें तथा दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। यातायात नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।
ब्यूरो पुलिसवाला छिंदवाड़ा_ अमित मिश्रा







