प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल, सांसद रूपकुमारी चौधरी सहित दिग्गज नेताओं का जुटा जमावड़ा, आतिशबाजी और मिठाइयों के बीच कार्यकर्ताओं ने साझा किया दीपोत्सव का उल्लास
गरियाबंद। दीपावली के पावन पर्व पर भाजपा जिला गरियाबंद के जिला कार्यालय में आयोजित दीपावली मिलन समारोह एवं समरसता भोज ने उत्सव को संगठनात्मक एकजुटता और सामाजिक सौहार्द के उत्सव में बदल दिया। आतिशबाजी, मिठाइयों और आत्मीय शुभकामनाओं के बीच भाजपा परिवार की एकजुटता का भव्य प्रदर्शन हुआ। समारोह में वरिष्ठ नेताओं से लेकर जमीनी कार्यकर्ताओं तक की सहभागिता ने संगठन की सामूहिक शक्ति का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री एवं कैबिनेट मंत्री दयालदास बघेल, सांसद एवं महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी, भंडारगृह निगम अध्यक्ष चंदूलाल साहू, जिला संगठन प्रभारी एवं प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी, विधायक रोहित साहू, भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल चंद्राकर, पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष नेहरू निषाद एवं पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल ने अपने संबोधन में विष्णुदेव साय सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को रेखांकित करते हुए कहा कि सरकार गरीब, किसान, महिला, युवा सहित समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए संकल्पबद्ध है। उन्होंने धान खरीदी की नई व्यवस्था एवं कृषक उन्नति योजना का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कार्यकर्ताओं को भाजपा संगठन की असली ताकत बताते हुए निष्ठा, समर्पण और सेवा भावना के साथ संगठन को मजबूत बनाने की बात कही। प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने संगठनात्मक समन्वय और सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की भूमिका को अहम बताया। विधायक रोहित साहू ने जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल को विकास की आधारशिला निरूपित किया।

जिलाध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन संगठन को केवल जोड़ते ही नहीं, बल्कि आपसी विश्वास, आत्मीयता और समरसता के रिश्तों को भी मजबूती प्रदान करते हैं। चंदूलाल साहू ने भी संगठन की मजबूती के लिए सामूहिक सहभागिता और सक्रियता को आवश्यक बताया।
समारोह का विशेष आकर्षण समरसता भोज रहा, जहां सभी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने एक साथ भोजन कर सामाजिक समानता, भाईचारे और आत्मीयता का संदेश दिया। यह आयोजन महज दीपावली की शुभकामनाओं तक सीमित नहीं रहा, बल्कि संगठन की एकजुटता और जनसेवा के संकल्प को पुनः दोहराने का सशक्त मंच बना।

इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश साहू, रामकुमार साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप, जिला महामंत्री डॉ. आशीष शर्मा, चंद्रशेखर साहू, मुरलीधर सिन्हा, गुरुनारायण तिवारी, प्रीतम सिन्हा, ईश्वर साहू, अजय रोहरा, सुरेंद्र सोनटेके, बिंदु सिन्हा, हलमन ध्रुव, दीपक साहू, सियाराम ध्रुव, उत्तम राजवंशी सहित जिला एवं मंडल के पदाधिकारी, मोर्चा-प्रकोष्ठों के अध्यक्ष और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्ट नेहरू साहू जिला ब्यूरो गरियाबंद





