24 घंटे में दो बड़ी कार्रवाई, 5 आरोपी गिरफ्तार और एक विधि से संघर्षरत बालक पकड़ा गया; करीब 64 लाख रुपये का गांजा जब्त।
रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने सूखे नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर गंज और आमानाका थाना क्षेत्रों में दो अलग-अलग मामलों में कुल 1 क्विंटल 27 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। कार्रवाई में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है। जब्त गांजे और अन्य मशरूके की कुल कीमत करीब 64 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला, पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) तारकेश्वर पटेल तथा पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिनसन गुरिया की सतत मॉनिटरिंग में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट, थाना गंज और थाना आमानाका पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की।
गंज थाना क्षेत्र में 82.51 किलो गांजा जब्त।
07 अक्टूबर को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को सूचना मिली थी कि एक ऑटो में तीन व्यक्ति गांजा लेकर रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे हैं। टीम ने ऑटो की पतासाजी करते हुए उसे फाफाडीह चौक स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पास रोककर तलाशी ली।
ऑटो में सवार मुकुन्द शर्मा, गोपाल वर्मा उर्फ गोपी और संतोष साहू के पास रखे ट्रॉली बैग की तलाशी में 82.51 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे के साथ घटना में प्रयुक्त 3 मोबाइल फोन भी जब्त किए। जब्त मशरूके की कीमत करीब 41 लाख 25 हजार 500 रुपये है। मामले में थाना गंज में अपराध क्रमांक 303/26, धारा 20बी नारकोटिक एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
आमानाका थाना क्षेत्र में 44.799 किलो गांजा बरामद।
08 अक्टूबर को एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट को सूचना मिली कि टाटीबंध स्थित इस्कॉन टेंपल मोड़ के पास कुछ लोग गांजा लेकर ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना पर टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्धों को पकड़ा।
पूछताछ में कान्हू डाकुआ, सुमित भट्टाचार्य और एक विधि से संघर्षरत बालक के शामिल होने की जानकारी सामने आई। इनके पास रखे बैग की तलाशी लेने पर 44.799 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी कीमत करीब 22 लाख 39 हजार 950 रुपये बताई गई है। मामले में थाना आमानाका में अपराध क्रमांक 338/26, धारा 20बी नारकोटिक एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में गिरफ्तार आरोपियों से गांजा तस्करी के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के आधार पर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने के लिए एंड-टू-एंड कार्रवाई की जाएगी।
रायपुर कमिश्नरेट के अनुसार एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने एनडीपीएस एक्ट के 85 प्रकरणों में 190 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन कार्रवाइयों में गांजा सहित विभिन्न मादक पदार्थ, नकदी, वाहन, मोबाइल फोन और अन्य सामग्री समेत करीब 6 करोड़ 31 लाख 2 हजार 810 रुपये कीमत का मशरूका जब्त किया गया है।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़
Trending
- संगठन विस्तार में राकेश त्रिपाठी को बड़ी जिम्मेदारी, विहिप-बजरंग दल के प्रखंड उपाध्यक्ष बने
- नवरात्रि-दशहरा पर ढीमरखेड़ा में पुलिस का सुरक्षा प्लान, शांति समिति की बैठक में बनी रणनीति
- नवरात्रि पर्व पर सुरक्षा का संकल्प, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वाेपरि
- डिंडौरी स्वास्थ्य विभाग में ₹60.65 लाख की वित्तीय अनियमितता का खुलासा
- इंडो-श्रीलंका कराते चैम्पियनशिप में डिंडौरी की बेटियों ने 9 पदक जीतकर जिले का बढ़ाया गौरव, कलेक्टर ने मेडल और प्रमाण-पत्र देकर किया सम्मानित
- राहुल-प्रियंका की गिरफ्तारी के विरोध में डिंडौरी में कांग्रेस का प्रदर्शन, पीएम का पुतला फूंका
- 25 वीं महाराज माधवराव सिंधिया स्मृति हिंदी वाद-विवाद प्रतियोगिता में सायना के अभिजीत का उत्कृष्ट प्रदर्शन
- विद्यालयों में आयोजित भाषण, चित्रकला एवं दौड़ प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को एसपी राजेश व्यास ने पुरस्कृत किया
