अधिकारियों के संज्ञान में मामला होने के बावजूद कार्रवाई शून्य, आखिर किसके संरक्षण में फल-फूल रहा अतिक्रमण

बहोरीबंद। कटनी जिले की बहोरीबंद तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत कुआं में शासकीय भूमि पर कथित अवैध कब्जे का गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत क्षेत्र की लगभग 56 एकड़ कस्टोडियन एवं 10 एंकड़ चारागाह भूमि पर भूमाफियाओं द्वारा कब्जा किए जाने के आरोपों ने राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि इस मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों के संज्ञान में होने के बावजूद अब तक अतिक्रमण हटाने की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। ऐसे में ग्रामीणों के बीच यह सवाल उठने लगा है कि आखिर सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की जिम्मेदारी निभाने वाला प्रशासन इस मामले में इतना उदासीन क्यों बना हुआ है?

ग्राम पंचायत कुआं में स्थित कस्टोडियन एवं चारागाह भूमि सार्वजनिक और ग्रामीण हितों से जुड़ी हुई महत्वपूर्ण संपत्ति है। चारागाह भूमि का मूल उद्देश्य गांव के पशुओं के लिए चराई की व्यवस्था सुनिश्चित करना है, ताकि पशुपालकों को अपने मवेशियों के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध हो सके। वहीं कस्टोडियन भूमि भी सरकारी अभिलेखों में दर्ज महत्वपूर्ण भूमि की श्रेणी में आती है। ऐसी भूमि पर यदि निजी व्यक्तियों द्वारा अनधिकृत कब्जा किया जाता है, तो यह केवल राजस्व नियमों का मामला नहीं, बल्कि सार्वजनिक संपत्ति के संरक्षण से जुड़ा गंभीर विषय बन जाता है।

66 एकड़ भूमि पर कब्जे के आरोप, फिर भी जिम्मेदारों की चुप्पी क्यों ?

ग्रामीणों के बीच उठ रहे सवालों के अनुसार लगभग 66 एकड़ भूमि पर कथित कब्जे का मामला लंबे समय से चर्चा में है। बताया जा रहा है कि संबंधित अधिकारियों को भी इस विषय की जानकारी है, लेकिन इसके बावजूद जमीन की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने ,राजस्व अभिलेखों का परीक्षण करने और सीमांकन कराने जैसी आवश्यक प्रक्रियाओं में तेजी दिखाई नहीं दे रही है। यदि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा हुआ है तो उसे हटाने के लिए अब तक क्या प्रयास किए गए? क्या राजस्व विभाग ने मौके पर जाकर जांच की? क्या संबंध व्यक्तियों को नोटिस जारी किए गए ?और यदि जांच हुई है तो उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक क्यों नहीं की जा रही है ?ये ऐसे सवाल हैं जिनका जवाब प्रशासन को देना चाहिए।

चारागाह भूमि पर कब्जा, पशुपालकों के अधिकारों पर भी सवाल

गांवों में चारागाह भूमि का विशेष महत्व होता है।ग्रामीण अर्थव्यवस्था में पशुपालन एक महत्वपूर्ण आधार है और इसके लिए पर्याप्त चारागाह भूमि उपलब्ध होना आवश्यक है।यदि चारागाह की जमीन ही अतिक्रमण की जद में आ जाए तो इसका सीधा असर पशुपालकों और ग्रामीणों पर पड़ता है। सरकारी भूमि पर निजी कब्जे के कारण भविष्य में गांव के सार्वजनिक उपयोग के लिए जमीन की उपलब्धता भी प्रभावित हो सकती है। ऐसे में चारागाह भूमि का संरक्षण केवल राजस्व विभाग की जिम्मेदारी नहीं ,बल्कि ग्रामीणों के सामूहिक हित से जुड़ा विषय है।

राजस्व विभाग की कार्य प्रणाली पर उठ रहे गंभीर सवाल

इस पूरे मामले में तहसील स्तर से लेकर जिला प्रशासन तक की भूमिका पर सवाल उठना स्वाभाविक है। आखिर जब शासकीय भूमि पर कब्जे की शिकायतें और जानकारियां सामने आ रही हैं, तो संबंधित अधिकारियों द्वारा अब तक क्या कार्रवाई की गई? क्या सरकारी भूमि का रिकॉर्ड खंगाला गया? क्या पटवारी और राजस्व निरीक्षक से प्रतिवेदन मांगा गया? क्या भूमि का सीमांकन कराया गया? यदि नहीं, तो इसकी वजह क्या है ?

शासकीय भूमि की सुरक्षा और अतिक्रमण रोकना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। यदि जिम्मेदार अधिकारी समय रहते कार्रवाई नहीं करते हैं तो इससे अतिक्रमण करने वालों के हौसले बढ़ सकते हैं ।यही कारण है की ग्राम पंचायत कुआं की 66 एकड़ भूमि का मामला अब केवल स्थानीय स्तर का मुद्दा नहीं रह गया है, बल्कि प्रशासनिक जवाबदेही से जुड़ा विषय बनता जा रहा है।

कलेक्टर से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

अब आवश्यकता है कि जिला प्रशासन इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराए। संबंधित भूमि के खसरा नंबर, राजस्व रिकॉर्ड, नक्शे और वास्तविक भौगोलिक स्थिति का मिलान कराया जाए।मौके पर राजस्व अधिकारियों की टीम भेज कर विधिवत सीमांकन कराया जाए तथा किसी व्यक्ति द्वारा शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा प्रमाणित होता है तो नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

साथ ही यह भी जांच का विषय होना चाहिए कि यदि लंबे समय से सरकारी भूमि पर कब्जा बना हुआ है तो संबंध राजस्व अमले ने अपने दायित्वों का निर्वहन किस प्रकार किया ।क्या समय-समय पर भूमि का निरीक्षण किया गया? क्या अतिक्रमण की जानकारी उच्च अधिकारियों तक पहुंचाई गई ?और यदि जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई तो इसके लिए जवाबदेही किसकी तय होगी?

अब देखना यह है कि प्रशासन कब तोड़ेगा चुप्पी

ग्राम पंचायत कुआं की लगभग 56 एकड़ कस्टोडियम एवं 10 एकड़ चारागाह भूमि को लेकर उठ रहे सवालों के बीच ग्रामीणों की निगाहें अब जिला प्रशासन और राजस्व विभाग पर टिकी हुई है। सरकारी संपत्ति का संरक्षण केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए ,बल्कि धरातल पर भी दिखाई देना चाहिए। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में निष्पक्ष जांच करा कर शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त करने की दशा में ठोस कदम उठाता है या फिर यह मामला भी अन्य शिकायतों की तरह सरकारी फाइलों में ही दबकर रह जाएगा?

✍️पुलिसवाला न्यूज़ कटनी से संभाग ब्यूरो पारस गुप्ता की रिपोर्ट

Leave A Reply

Exit mobile version