सतना मध्य प्रदेश

 

सेवा संकल्प अभियान

के तहत सतना में एक माह तक होंगे विविध आयोजन*

17 अक्टूबर तक चलेंगी जनभागीदारी आधारित गतिविधियां

सतना 13 सितम्बर 2026/मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार प्रदेश में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ आयोजित किया जाएगा। अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने जिले में विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन एवं व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों को दायित्व सौंपे हैं। कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार नगरीय क्षेत्र के लिए आयुक्त नगर पालिक निगम सतना तथा ग्रामीण क्षेत्र के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सतना को नोडल अधिकारी बनाया गया है। कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने रविवार को प्रातः 11 बजे से गूगल मीट के माध्यम से सभी गतिविधियों के नोडल और सहायक नोडल अधिकारियों की गूगल मीट कर अभियान की तैयारियों के बारे में दिशा-निर्देश दिये। संबंधित अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अपने-अपने अनुभाग के प्रभारी अधिकारी रहेंगे, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत तथा शहरी क्षेत्रों में मुख्य नगरपालिका अधिकारी सहायक प्रभारी अधिकारी के रूप में कार्य करेंगे।

17 सितम्बर को शाम 7 बजे जलेगा आशीर्वाद का दीया

अभियान की शुरुआत 17 सितम्बर को शाम 7 बजे पूरे प्रदेश में एक साथ दीप प्रज्ज्वलन से होगी। सतना जिले में भी ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। अभियान के सुचारू संचालन के लिए नोडल अधिकारी शहरी हेतु आयुक्त नगर निगम नागार्जुन बी गौडा, ग्रामीण हेतु सीईओ जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास राजीव सिंह तथा सहायक नोडल अधिकारी सभी एसडीएम अपने-अपने अनुभाग क्षेत्र, शहरी हेतु मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं एपीओ जिला पंचायत अवधेश सिंह को जिम्मेदारी दी गई है। प्रत्येक ग्राम पंचायत में न्यूनतम 500 दीपक, नगर पालिका के प्रत्येक वार्ड में 500 दीपक, नगर निगम के प्रत्येक वार्ड में 1,000 दीपक तथा नगर परिषद के प्रत्येक वार्ड में न्यूनतम 250 दीपक प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसके अलावा जिले के ऐतिहासिक स्थलों, प्रमुख सार्वजनिक स्थानों, मंदिरों, घाटों, अमृत सरोवरों, पीएम आवास कॉलोनियों, जन-औषधि केन्द्रों, आयुष्मान सूचीबद्ध अस्पतालों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, पंचायत भवनों, सामुदायिक केन्द्रों तथा प्रमुख विकास एवं अधोसंरचना परियोजनाओं पर भी सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। सरकार की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित परिवारों को भी इस अभियान से जोड़ा जाएगा। इनमें राशन कार्डधारी, युवा एवं विद्यार्थी, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक, किसान, पशुपालक एवं मछुआरा परिवार, व्यापारी, लघु उद्यमी, स्टार्टअप, जनजातीय एवं वनवासी परिवार, महिला स्व-सहायता समूह, लाड़ली बहना योजना के हितग्राही, स्वामित्व योजना के हितग्राही, पथ विक्रेता, पारंपरिक कारीगर, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, भूतपूर्व सैनिक तथा दिव्यांगजन शामिल हैं।

17 सितम्बर को रक्तदान शिविर 

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 17 सितम्बर को जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, सिविल अस्पताल, जिला अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग को इसका नोडल विभाग बनाया गया है। ब्लड बैंक, रेडक्रास एवं मेडिकल कॉलेज के समन्वय से डॉक्टर, पैरामेडिकल टीम, रक्त संग्रह वाहन एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। इस अभियान के लिए नोडल अधिकारी सीएमएचओ डॉ. मनोज शुक्ला एवं डीन शासकीय मेडीकल कॉलेज डॉ. सुचित्रा अग्रवाल तथा सहायक नोडल अधिकारी जिला समन्वयक जन अभियान परिषद आशीष कुमार ताम्रकार एवं सचिव रेडक्रास सोसायटी को जिम्मेदारी दी गई है।

 

प्रशांत त्रिपाठी ब्यूरो सतना

Leave A Reply

Exit mobile version