डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
पीएससी चयन सूची में चमका जिमरा के ऋषिकेश झारिया का नाम
सहायक प्राध्यापक (गणित) पद पर चयन, गांव से लेकर झारिया समाज तक खुशी की लहर
डिंडौरी/शहपुरा। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (पीएससी) की सहायक प्राध्यापक (गणित) परीक्षा-2024 की मुख्य चयन सूची में डिंडौरी जिले के शहपुरा तहसील अंतर्गत ग्राम जिमरा निवासी ऋषिकेश झारिया ने स्थान बनाकर क्षेत्र और समाज को गौरवान्वित किया है। ऋषिकेश का चयन सहायक प्राध्यापक (गणित) पद पर हुआ है। चयन की खबर सामने आते ही परिवार, गांव और झारिया समाज में खुशी की लहर दौड़ गई।
आयोग की ओर से जारी मुख्य चयन सूची में ऋषिकेश झारिया का नाम क्रमांक 95 तथा अनुक्रमांक 552119 पर दर्ज है। उनका चयन अनुसूचित जाति वर्ग में हुआ है।
मेहनत और लगन से हासिल किया मुकाम
ग्राम जिमरा निवासी अमृतलाल झारिया के पुत्र ऋषिकेश झारिया ने अपनी मेहनत, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण के दम पर यह सफलता हासिल की है। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में सहायक प्राध्यापक जैसे महत्वपूर्ण पद पर चयन होने से परिवार में उत्साह का माहौल है। पिता अमृतलाल झारिया सहित परिजनों ने उनकी उपलब्धि पर खुशी जताई है।
गांव और समाज में बधाइयों का दौर
ऋषिकेश के चयन की जानकारी मिलते ही ग्राम जिमरा और आसपास के क्षेत्र में बधाई देने वालों का सिलसिला शुरू हो गया। लोग घर पहुंचकर तथा फोन और सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं। झारिया समाज के लोगों ने भी उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे समाज के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।

ग्रामीणों का कहना है कि ऋषिकेश ने अपनी सफलता से ग्राम जिमरा, शहपुरा क्षेत्र और डिंडौरी जिले का नाम रोशन किया है। उनकी यह उपलब्धि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे क्षेत्र के विद्यार्थियों और युवाओं के लिए भी प्रेरणा बनेगी। सीमित संसाधनों के बीच लक्ष्य तय कर निरंतर मेहनत करने वाले युवाओं के लिए ऋषिकेश की सफलता यह संदेश देती है कि लगन और समर्पण से बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है।







