जैतहरी पुलिस ने 48 घंटे में किया हत्या का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार
अनूपपुर। जैतहरी थाना पुलिस ने सिवनी डोंगरी टोला निवासी 22 वर्षीय गोवर्धन कोल की हत्या के मामले का 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथियार, कपड़े, मोटरसाइकिल, ईको कार और मृतक का पर्स बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक 23 सितंबर की रात गणेश विसर्जन के लिए घर से निकले गोवर्धन कोल के लापता होने की सूचना परिजनों ने 24 सितंबर को दी थी। तलाश के दौरान मंडल के बगीचा क्षेत्र में उसकी मोटरसाइकिल का टूटा क्लच केबल और चप्पलें मिलीं, जबकि मोटरसाइकिल कुछ दूरी पर मिली।
जैतहरी पुलिस ने तलाश अभियान तेज किया और गोवर्धन का शव बदनहाई डोंगरी, सिवनी के जंगल में झाड़ियों के बीच बरामद किया। घटनास्थल पर एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच की गई। शव का पोस्टमार्टम सीएचसी जैतहरी में कराया गया।
पुलिस ने मामले में हत्या सहित संबंधित धाराओं और एससी-एसटी एक्ट की धाराएं बढ़ाईं। जांच के दौरान सूरज राठौर, राहुल सिंह राठौर, तेजराज राठौर, दिनेश गोड और राहुल राठौर, सभी निवासी सिवनी, को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय अनूपपुर में पेश किया है। मामले की विवेचना जारी है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अनूपपुर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी अनूपपुर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक गोकुलानंद पाण्डेय सहित जैतहरी थाना और पुलिस टीम द्वारा की गई।
रिपोर्टर दिनेश केवट
अनुपपुर






