सरगुजा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: लैलूंगा से गांजा लाकर खपाने की फिराक में थे तस्कर, कार समेत 4 आरोपी गिरफ्तार
अंबिकापुर। सरगुजा जिले में अवैध नशीले पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) के कड़े निर्देशों के पालन में नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर के नेतृत्व में साइबर सेल और चौकी रघुनाथपुर की संयुक्त टीम ने गांजा तस्करी के एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 4 किलोग्राम गांजा, एक आई-20 कार और 6 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 4 लाख 86 हजार रुपये आंकी गई है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
घटना का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि 26 फरवरी 2026 को रघुनाथपुर चौकी को सटीक सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की आई-20 कार (क्रमांक CG 10 AL 8571) में सवार तीन युवक लैलूंगा की ओर से भारी मात्रा में गांजा लेकर आ रहे हैं। सूचना के अनुसार, ये तस्कर ग्राम गंगापुर में स्थानीय निवासी मुरारी लाल चौबे को गांजे की खेप सप्लाई करने वाले थे। खबर मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम गंगापुर में एनएच 43 के किनारे जाल बिछाया।
लेन-देन के दौरान दबोचे गए आरोपी
पुलिस टीम जब मौके पर पहुँची, तो मुखबिर के बताए अनुसार कार के पास चार व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में सामान का लेन-देन करते दिखाई दिए। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में कार सवार व्यक्तियों की पहचान हेमसागर यादव (26 वर्ष, लैलूंगा), खीरो यादव (25 वर्ष, तुमला, जशपुर) और भूपेंद्र यादव (24 वर्ष, लैलूंगा) के रूप में हुई। वहीं, मौके पर बैग लेकर खड़ा चौथा व्यक्ति गंगापुर निवासी मुरारी लाल चौबे (35 वर्ष) पाया गया।
बरामदगी और वैधानिक कार्रवाई
तलाशी के दौरान कार की डिक्की से 2 किलोग्राम और मुरारी लाल चौबे के बैग से 2 किलोग्राम, कुल मिलाकर 4 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे लैलूंगा से गांजा लाकर स्थानीय स्तर पर खपाने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने गांजा (कीमत 36,000/-), आई-20 कार (कीमत 4,00,000/-) और 6 मोबाइल (कीमत 50,000/-) जब्त कर लिए हैं। चौकी रघुनाथपुर (थाना लुण्ड्रा) में आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 39/26, धारा 20(बी) एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है।
इन अधिकारियों की रही मुख्य भूमिका
इस सफल अभियान में रघुनाथपुर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक आर. एन. पटेल, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, विकास सिन्हा, जयदीप सिंह, चंद्रभूषण तिवारी तथा आरक्षक जितेश साहू, मनीष सिंह, उमाशंकर साहू, अमनपुरी, विकास मिश्रा, उमेश खुटिया, इजहार अहमद, इदरीश खान और संजीव चौबे की सक्रिय और सराहनीय भूमिका रही।
रिपोर्ट :मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़
Trending
- ऑपरेशन आघात: रायगढ़ पुलिस की बड़ी स्ट्राइक, 52 किलो गांजे के साथ ओडिशा के तीन तस्कर गिरफ्तार
- कर्तव्यनिष्ठा को मिला सम्मान: नॉर्थ जोन के ‘सितारे’ बने ‘कॉप ऑफ द मंथ’, गुढ़ियारी टीआई बी.एल. चंद्राकर को कुशल कार्यप्रणाली के लिए मिल सम्मान
- “श्री रामलला दर्शन योजना” के तहत मनेंद्रगढ़ से श्रद्धालुओं का दल अयोध्या रवाना
- उप संचालक कृषि विभाग के निर्देशन में एवं वरिष्ठ कृषि अधिकारी गरियाबंद के मार्गदर्शन में जिले के ग्राम पारागांव, चिखली, सढ़ौली में किसानों को उन्नत एवं जैविक खेती के प्रति जागरूक करने हेतु हरि खाद—सन, ढैंचा एवं ब्लू ग्रीन एल्गी निर्माण पर आधारित प्रशिक्षण कार्यशाला का सफल आयोजन किया जा रहा है।
- दुर्ग पुलिस ने फूंका सामुदायिक पुलिसिंग का शंखनाद, ‘पुलिस जन मित्र योजना’ से सुदृढ़ होगी शहर की सुरक्षा
- दुर्ग पुलिस की पहल: कुरियर और ई-कॉमर्स कंपनियों को अवैध हथियारों व नशीली दवाओं की तस्करी रोकने का दिया प्रशिक्षण
- जनदर्शन: कलेक्टर ने आमजनों से रूबरू होकर सुनी मांगें एवं समस्याएं
- कलेक्टर ने वंचितों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा आवेदनों के शत-प्रतिशत निराकरण पर दिया जोर
