जिला जनसंपर्क कार्यालय मुंगेली (छ.ग.)
समाचार
शिशु संरक्षण माह का हुआ शुभारंभ, 21 अप्रैल तक चलेगा अभियान
09 माह से 05 वर्ष के 76 हजार 866 बच्चों को विटामिन ए तथा 06 माह से 05 वर्ष के 81 हजार 387 बच्चों को पिलाएंगे आयरन सिरप
मुंगेली, 17 मार्च 2026// जिले में बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण स्तर को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ‘शिशु संरक्षण माह’ का शुभारंभ किया गया। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार यह अभियान 21 अप्रैल तक जिलेभर में संचालित किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला चिकित्सालय स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने बच्चों को विटामिन-ए एवं आयरन सिरप पिलाकर किया। सीएमएचओ डॉ. साहा ने बताया कि विटामिन-ए बच्चों में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के साथ ही कुपोषण को कम करने में सहायक होता है। इसके सेवन से निमोनिया एवं डायरिया जैसी बीमारियों से होने वाली मृत्यु दर में भी कमी आती है। वहीं आयरन सिरप बच्चों में एनीमिया की रोकथाम के लिए महत्वपूर्ण है और उनके शारीरिक व मानसिक विकास में सहायक होता है।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. कमलेश कुमार ने बताया कि अभियान के तहत प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को सुबह 09 बजे से शाम 04 बजे तक ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिले में 09 माह से 05 वर्ष तक के 76 हजार 866 बच्चों को विटामिन-ए सिरप तथा 06 माह से 05 वर्ष तक के 81 हजार 387 बच्चों को आयरन सिरप प्रदान किया जाएगा। अभियान के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य संस्थानों में गर्भवती महिलाओं की जांच की जाएगी तथा उन्हें कैल्शियम की गोलियां भी वितरित की जाएंगी। साथ ही कुपोषित बच्चों की पहचान कर उनका परीक्षण किया जाएगा और गंभीर कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कर उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। कार्यक्रम में सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. एम.के. राय, जिला टीकाकरण अधिकारी, शिशु रोग विशेषज्ञ, आरएमओ सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
राज शेखर यादव
ब्यूरो चीफ मुंगेली
