शहडोल मध्यप्रदेश

शहडोल, — केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पत्रकारों तक पहुँचाने के उद्देश्य से पत्र सूचना कार्यालय भोपाल द्वारा शहडोल में मीडिया वार्तालाप कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों और विशेषज्ञों ने विभिन्न विभागों की योजनाओं और पहल के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
पत्र सूचना कार्यालय भोपाल के निदेशक मनीष गौतम ने कहा कि प्रशासन और मीडिया के बीच सार्थक संवाद से सरकारी योजनाओं को जनता तक पहुँचाना आसान हो जाता है। उन्होंने कहा कि मीडिया सरकार और जनता के बीच सेतु का कार्य करती है, इसलिए दोनों के बीच संवाद बनाए रखना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर विभिन्न जिलों में ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
अपर कलेक्टर सरोधन सिंह ने कहा कि देश की बढ़ती आबादी को ध्यान में रखते हुए अन्न, वस्त्र और आवास की व्यवस्था को और मजबूत करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मीडिया के सकारात्मक सुझाव प्रशासन के कार्यों को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने में सहायक होते हैं।
कार्यक्रम में उपसंचालक कृषि अनुराग पटेल ने कृषि विभाग की योजनाओं, वैज्ञानिक बृजकिशोर प्रजापति ने उन्नत फसल प्रजातियों और मौसम आधारित जानकारी के नवाचारों के बारे में बताया। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. शुक्ला ने आयुष्मान भारत सहित स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी दी, जबकि लीड बैंक मैनेजर अमित चौरसिया ने पीएम विश्वकर्मा, मुद्रा लोन और जनधन योजना जैसी वित्तीय योजनाओं पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर कई प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार भी उपस्थित रहे।

Comments are closed.

Exit mobile version