मगरलोड से चोरी हुई हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल बरामद, रायपुर पुलिस के समन्वय से आरोपी गिरफ्तार कर भेजा गया जेल।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मगरलोड पुलिस ने रायपुर पुलिस के सहयोग से मोटरसाइकिल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी प्रेम दुबे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

मामले के अनुसार, ग्राम भरदा निवासी जालम सिंह साहू 10 नवंबर 2026 को अपनी हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 KE 1483 से गांव की देशी शराब दुकान गया था। उसने बाइक दुकान के मुख्य गेट के पास खड़ी की थी। कुछ देर बाद वापस लौटने पर मोटरसाइकिल गायब मिली। आसपास तलाश करने के बाद भी बाइक का पता नहीं चलने पर उसने थाना मगरलोड में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 245/2026, धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

रायपुर में बाइक बेचने ग्राहक तलाश रहा था आरोपी।

विवेचना के दौरान 24 नवंबर को थाना खमतराई, रायपुर पुलिस से सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 KE 1483 को बेचने के लिए भनपुरी चौक के पास ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर खमतराई पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को बाइक सहित पकड़ लिया। इसके बाद मगरलोड पुलिस की टीम रायपुर पहुंची और आरोपी को चोरी की मोटरसाइकिल सहित अभिरक्षा में लेकर थाना मगरलोड आई।

जेब में रखी चाबी से खोलकर ले गया था बाइक।

पुलिस पूछताछ में आरोपी प्रेम दुबे ने बताया कि वह 10 नवंबर को बस से मगरलोड आया था। इस दौरान ग्राम भरदा स्थित देशी शराब दुकान के पास खड़ी हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल पर उसकी नजर पड़ी। उसने अपनी जेब में रखी चाबी बाइक में लगाई, जिससे वह चालू हो गई। इसके बाद वह मोटरसाइकिल लेकर रायपुर चला गया। पहचान छिपाने के उद्देश्य से उसने बाइक का अगला हिस्सा (वाइजर) और टंकी क्षतिग्रस्त कर दी थी।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की मोटरसाइकिल, जिसकी अनुमानित कीमत 15 हजार रुपये है, विधिवत जप्त कर ली।

मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी प्रेम दुबे को 25 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक मजिस्ट्रेट कुरुद के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी: प्रेम दुबे, पिता स्व. रमेश दुबे, निवासी फाफाडीह चौक, फोकटपारा, थाना देवेन्द्र नगर, जिला रायपुर (छत्तीसगढ़)।

जप्त संपत्ति: एक हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 KE 1483, अनुमानित कीमत 15,000 रुपये।

धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर खड़ा करने, हैंडल लॉक एवं अतिरिक्त सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply

Exit mobile version