गरियाबंद। भारतीय लोकतंत्र की आत्मा, नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रतीक भारतीय संविधान के प्रति सम्मान और संवैधानिक चेतना जागृत करने के उद्देश्य से 26 नवंबर को शासकीय वीर सुरेन्द्रसाय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गरियाबंद में संविधान दिवस गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक वाचन के साथ हुआ। महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापकों एवं छात्र-छात्राओं ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता एवं बंधुता के आदर्शों को आत्मसात करने तथा संवैधानिक मूल्यों के प्रति निष्ठावान रहने की शपथ ली।

प्रतियोगिताओं के माध्यम से दिखाई विद्यार्थियों ने प्रतिभा एवं रचनात्मकता

 

संविधान के प्रति विद्यार्थियों की समझ विकसित करने और उनमें लोकतांत्रिक चेतना को प्रोत्साहित करने के लिए निबंध लेखन, प्रश्नोत्तरी (क्विज), पोस्टर मेकिंग एवं रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी बौद्धिक क्षमता, रचनात्मक सोच एवं कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

 

अधिकारों के साथ कर्तव्यों का निर्वहन भी जरूरी

 

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने भारतीय संविधान की ऐतिहासिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान केवल शासन संचालन का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, सामाजिक समरसता, समानता और नागरिक स्वतंत्रता का मजबूत आधार स्तंभ है। प्रत्येक नागरिक को अपने मौलिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों का भी पूरी जिम्मेदारी से निर्वहन करना चाहिए। लोकतंत्र की मजबूती तभी संभव है, जब नागरिक संविधान की भावना और उसके आदर्शों का सम्मान करें।

 

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य, समस्त प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की सहभागिता रही।

 

संविधान दिवस का यह आयोजन विद्यार्थियों में संवैधानिक जागरूकता, राष्ट्रीय एकता, लोकतांत्रिक प्रतिबद्धता एवं जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करने का सार्थक माध्यम बना।

 

नेहरू साहू ब्यूरो चीफ गरियाबंद

Leave A Reply

Exit mobile version