गैस कटर से काटा था दुकान का ताला, सीसीटीवी कैमरे को कागज से ढककर वारदात को दिया था अंजाम।
पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) श्री स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (उत्तर क्षेत्र) श्रीमती दीपमाला कश्यप के निर्देशन में एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट एवं थाना खमतराई पुलिस की संयुक्त टीम ने ज्वेलर्स दुकान में डकैती का प्रयास करने वाले तीन आरोपियों एवं विधि के साथ संघर्षरत एक बालक और एक बालिका सहित कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
मामला खमतराई के श्रीनगर स्थित सुरेश ज्वेलर्स का है। आरोपियों ने 17 नवंबर की रात दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को कागज से ढक दिया और गैस कटर से दुकान का ताला काट दिया। हालांकि, वे चोरी की वारदात को अंजाम देने में असफल रहे।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना खमतराई में अपराध दर्ज कर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज एवं मुखबिरों की मदद से जांच शुरू की। जांच के दौरान वासुदेव सरकार, गुंजन बार एवं नाज नौशाद को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उन्होंने एक बालक एवं एक बालिका के साथ मिलकर वारदात का प्रयास करना स्वीकार किया। पुलिस ने दोनों अपचारियों को भी पकड़ लिया।
प्रकरण में डकैती के प्रयास के साक्ष्य मिलने पर धारा 310(4) बीएनएस भी जोड़ी गई है। आरोपियों के कब्जे से एक दोपहिया वाहन, गैस सिलेंडर, लोहे की कटर मशीन, हेलमेट, चार मोबाइल फोन एवं अन्य सामान जब्त किया गया है।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

