रेकी के बाद दो रात में दिया वारदात को अंजाम, 14.51 लाख रुपये का मशरूका और चोरी में प्रयुक्त वाहन बरामद।
रायपुर। पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) श्री स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (उत्तर जोन) श्रीमती दीपमाला कश्यप की सतत् मॉनिटरिंग में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा पुलिस चौकी रामनगर की संयुक्त टीम ने गुढ़ियारी क्षेत्र के रामनगर स्थित श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स में हुई चोरी का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी विशाल सचदेव सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पहले ज्वेलर्स दुकान की रेकी की। इसके बाद 26-27 सितंबर की रात दुकान की दीवार में आधा छेद किया और 29-30 सितंबर की रात दोबारा पहुंचकर छेद को बड़ा कर दुकान के अंदर प्रवेश किया। आरोपियों ने दुकान से सोने-चांदी एवं आर्टिफिशियल आभूषण चोरी कर लिए।
घटना के बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के हजारों फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर सूचना और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने विशाल सचदेव और सूरज ढीमर को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस के मुताबिक घटना का मास्टरमाइंड विशाल सचदेव है। महासमुंद में बर्फ की फैक्ट्री चलाने के लिए उसके ऊपर कर्ज था। फैक्ट्री नहीं चलने और आर्थिक परेशानी के चलते उसने अपने साथियों के साथ चोरी की योजना बनाई थी।
आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के सोने के आभूषण, चांदी के करीब 3.5 किलोग्राम आभूषण, आर्टिफिशियल आभूषण तथा वारदात में प्रयुक्त स्वीफ्ट कार और बिना नंबर की एक्टिवा सहित कुल करीब 14 लाख 51 हजार 700 रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में विशाल सचदेव पिता लक्ष्मण दास सचदेव, उम्र 38 वर्ष, निवासी आजाद चौक रायपुर तथा सूरज ढीमर पिता पुना लाल ढीमर, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम सुनवानी, जिला जबलपुर (म.प्र.), हाल निवासी महासमुंद शामिल हैं।
मामले में थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 430/26, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़
