शहडोल मध्य प्रदेश

 

रक्षक बना भक्षक: खाली ट्रैक्टर को रेत परिवहन में फंसाने की धमकी देकर आरक्षक ने ऐंठे रुपए, एसपी से शिकायत

 

शहडोल। जिले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। खैरहा थाने में पदस्थ एक आरक्षक पर एक सीधे-सादे किसान को झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर रिश्वत ऐंठने का आरोप लगा है। पीड़ित किसान ने मामले की लिखित शिकायत पुलिस अधीक्षक शहडोल (एसपी) कार्यालय में करते हुए आरोपी आरक्षक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गुहार लगाई है।शिकायतकर्ता विपिन कुमार द्विवेदी (निवासी ग्राम बोड़री, थाना सिंहपुर) के अनुसार, 15 मार्च 2026 की सुबह लगभग 6 बजे वह अपने ट्रैक्टर (MP 18 ZD 8066) से सरफा नदी के पास स्थित अपने खेत से कटी हुई अलसी की फसल लेने जा रहे थे। तभी रास्ते में खैरहा थाने के आरक्षक सतीश चौरसिया ने उन्हें रोका और गाली-गलौज करते हुए खाली ट्रैक्टर पर रेत के अवैध परिवहन का झूठा आरोप मढ़ दिया। आरक्षक जबरन ट्रैक्टर की चाबी निकालकर वाहन को थाने ले गया।शिकायत पत्र में आरोप है कि थाने में वाहन छोड़ने के एवज में आरक्षक द्वारा 50,000 रुपये की मांग की गई। किसान द्वारा असमर्थता जताने पर आरक्षक ने बीएनएस (BNS) और खनिज अधिनियम की गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज करने की धमकी दी। पुलिसिया कार्रवाई से डरे-सहमे किसान ने दबाव में आकर उसी दिन  5:58 बजे अपने फोन-पे से आरक्षक सतीश चौरसिया के मोबाइल नंबर (9826151842) पर 5,000 रुपये ट्रांसफर कर दिए।आरोप है कि आरक्षक ने शेष राशि 24 घंटे में देने और वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत करने पर झूठे प्रकरण में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी है। 16 मार्च 2026 को पीड़ित ने एसपी कार्यालय पहुंचकर पुख्ता सबूतों के साथ न्याय की गुहार लगाई है। अब देखना यह है कि पुलिस महकमा डिजिटल लेनदेन के साक्ष्यों वाली इस गंभीर शिकायत पर अपने आरक्षक के खिलाफ क्या कदम उठाता है।

 

          अजय पाल

Leave A Reply

Exit mobile version