डिंडौरी मध्यप्रदेश 

20 अप्रैल से 14 मई तक करंजिया-बजाग, डिंडोरी, शहपुरा और अमरपुर-समनापुर में आयोजित होंगे कार्यक्रम

*डिंडौरी, 10 मार्च 2026।* मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के अंतर्गत वर्ष 2026-27 में जिले में चार स्थानों पर सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण संचालनालय, भोपाल द्वारा तिथियों को अनुमोदन प्रदान कर दिया गया है।

 

जारी आदेश के अनुसार अधिसूचित अनुसूचित जनजाति क्षेत्रों की परंपराओं को ध्यान में रखते हुए जिले के अलग-अलग स्थानों पर सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 20 अप्रैल 2026 को करंजिया-बजाग, 28 अप्रैल 2026 को डिंडोरी, 7 मई 2026 को शहपुरा तथा 14 मई 2026 को अमरपुर-समनापुर में सामूहिक विवाह समारोह संपन्न होंगे।

 

सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से पात्र हितग्राही कन्याओं का विवाह शासन की योजना के अंतर्गत कराया जाएगा। इसके लिए विवाह पोर्टल पर तिथियां निर्धारित कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

कलेक्टर ने जिले के पात्र परिवारों से अपील की है कि वे मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना का लाभ लेने के लिए समय पर आवेदन करें। उन्होंने कहा कि इच्छुक परिवार संबंधित जनपद पंचायत, नगरीय निकाय अथवा सामाजिक न्याय विभाग से संपर्क कर निर्धारित तिथियों पर आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं, जिससे पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ आसानी से मिल सके।

रिपोर्ट अखिलेश झारिया

Leave A Reply

Exit mobile version