रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश और कई इलाकों में बने भारी बारिश के हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार, 26 सितंबर को प्रदेश के सभी स्कूलों में अवकाश रखने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई और आदेश के क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया है। लगातार बारिश के कारण कई क्षेत्रों में जलभराव और आवागमन प्रभावित होने की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में विद्यार्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसे देखते हुए स्कूलों में एक दिन का अवकाश रखा गया है। अभिभावकों से भी मौसम की स्थिति को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है।
यह अवकाश शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त विद्यालयों पर लागू होने की जानकारी सामने आई है। जिला स्तर पर भी मौसम की स्थिति पर नजर रखी जा रही है और आवश्यकता के अनुसार स्थानीय स्तर पर प्रशासन द्वारा निर्णय लिए जा सकते हैं।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़








