बिलासपुर। रक्षाबंधन के दिन खपरगंज में हुए हिंदू-मुस्लिम बवाल के मुख्य आरोपी हिंदूवादी नेता राम सिंह ठाकुर को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के बाद से राम सिंह फरार चल रहा था।
पुलिस के मुताबिक राम सिंह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। पुलिस की टीम उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही थी और साइबर सेल लोकेशन ट्रेस कर रही थी। bec8
इसी बीच सूचना मिली कि राम सिंह मध्यप्रदेश के पन्ना जिला के बृजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम माकरी कुठार में अपने मित्र धीरेंद्र पटेल के घर पर छिपा हुआ है। सूचना पर ACCU की टीम ने वहां दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
क्या था पूरा मामला?
28 अगस्त की रात खपरगंज में दो गुटों के युवकों के बीच विवाद के बाद पथराव और बवाल हो गया था। आरोप है कि सोशल मीडिया पर हिंदू विरोधी टिप्पणी और पुरानी रंजिश को लेकर झगड़ा शुरू हुआ। भीड़ को कंट्रोल करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े, जिसमें तारबाहर TI रवि तिवारी समेत 9 पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। इसके बाद कलेक्टर ने इलाके में धारा 144 लागू कर दी थी।
पुलिस ने दोनों पक्षों के करीब 100 लोगों को आरोपी बनाया है और अब तक दोनों पक्षों के 30 से ज्यादा आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
फरारी के दौरान राम सिंह ने सोशल मीडिया पर दो वीडियो भी जारी किए थे, जिसमें उसने खुद को बेगुनाह बताते हुए जेल में हत्या की आशंका जताई थी।
फिलहाल पुलिस टीम उसे बिलासपुर लेकर आई है और आज शनिवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
ब्यूरो रिपोर्ट शंकर अघिजा







