रायपुर। ई-चालान के निराकरण और साइबर फ्रॉड से वाहन चालकों को बचाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस, परिवहन विभाग, ऑटो डीलर्स एसोसिएशन एवं इंश्योरेंस कंपनियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीसीपी यातायात डॉ. अर्चना झा ने वाहन चालकों से ई-चालान का भुगतान केवल अधिकृत eChallan पोर्टल अथवा mParivahan ऐप के माध्यम से करने की अपील की।

आरटीओ आशीष देवांगन ने वाहन चालकों से अपने मोबाइल नंबर वाहन रिकॉर्ड में अपडेट रखने की अपील की, ताकि ई-चालान की सूचना समय पर मिल सके। उन्होंने बताया कि ई-चालान की जानकारी पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से भेजी जाती है।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि व्हाट्सऐप या सोशल मीडिया के माध्यम से भुगतान लिंक नहीं भेजे जाते। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने, OTP अथवा बैंक संबंधी जानकारी साझा करने से बचें। वहीं RADA अध्यक्ष कैलाश खेमानी ने ऑटो डीलर्स के माध्यम से अधिकृत ई-चालान पोर्टल के प्रचार-प्रसार में सहयोग का आश्वासन दिया।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़








