‘नमो सेवा गाथा’ नुक्कड़ नाटक से विद्यार्थियों ने दिया जनजागरूकता का संदेश
सेवा संकल्प अभियान के तहत मैनपुर कॉलेज में विविध कार्यक्रम, कलेक्टर रणबीर शर्मा ने विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने किया प्रेरित
गरियाबंद, 26 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं सेवा-समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिले के शासकीय विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में ‘नमो सेवा गाथा’ नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में नवीन शासकीय महाविद्यालय मैनपुर में विद्यार्थियों ने अपनी कला, अभिव्यक्ति और रचनात्मकता के माध्यम से प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर जनजागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में कलेक्टर रणबीर शर्मा ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य निर्माण का स्वर्णिम अवसर है। समय का सदुपयोग, नियमित अध्ययन और स्पष्ट लक्ष्य सफलता की मजबूत नींव रखते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेलकूद, रचनात्मक गतिविधियों और स्वास्थ्य के प्रति भी सजग रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मोबाइल का उपयोग ज्ञानवर्धक एवं सकारात्मक कार्यों के लिए किया जाए तथा परिस्थितियों का दोष दूसरों पर डालने के बजाय स्वयं जिम्मेदारी लेने की आदत विकसित की जाए। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने माता-पिता को गौरवान्वित करने के साथ समाज और राष्ट्र के विकास में सार्थक योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम की तैयारियों का लिया जायजा
इसके पश्चात कलेक्टर शर्मा ने आगामी 05 अक्टूबर को मैनपुर में प्रस्तावित ‘सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के लिए भाठीगढ़ मैदान का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल पर वाटरप्रूफ टेंट, विभिन्न विभागों के स्टॉल, पंजीयन काउंटर सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर
कलेक्टर श्रीमती ऋषा ठाकुर, एसडीएम सुश्री नेहा भेड़िया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट नेहरू साहू जिला ब्यूरो गरियाबंद







