भक्त शिरोमणि मां कर्मा देवी की 1010वीं जयंती पर साहू समाज का शक्ति प्रदर्शन,भव्य चल समारोह और भंडारा संपन्न

गोटेगांव। गोटेगांव के स्टेडियम ग्राउंड में साहू समाज द्वारा भक्त शिरोमणि मां कर्मा देवी की 1010वीं जयंती अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और धूमधाम के साथ मनाई गई। इस भव्य आयोजन में साहू समाज ने अपनी एकता और संगठन शक्ति का परिचय दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते और क्षेत्रीय विधायक महेंद्र नागेश द्वारा मां कर्मा देवी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन के साथ किया गया। समाज के जिला अध्यक्ष भगवान दास साहू और ग्रामीण अध्यक्ष त्रिभुवन साहू ने अतिथियों का शाल-श्रीफल से आत्मीय सम्मान किया।
नगर में गूंजे मां कर्मा के जयकारे, शोभायात्रा ने मोहा मन
जयंती के अवसर पर स्टेडियम ग्राउंड से एक विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः आयोजन स्थल पहुंची। चल समारोह में वृंदावन से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुत राधा-कृष्ण नृत्य और विभिन्न झांकियों ने नगरवासियों का मन मोह लिया। जगह-जगह समाजसेवियों द्वारा पुष्प वर्षा कर चल समारोह का स्वागत किया गया।
सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन का लिया संकल्प
मंचीय कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीराम साहू (इमालिया वालों) ने की। अपने संबोधन में जिला अध्यक्ष भगवान दास साहू ने मां कर्मा देवी के जीवन आदर्शों पर प्रकाश डाला। उन्होंने समाज में व्याप्त कुरीतियों जैसे दहेज प्रथा, मृत्यु भोज और विवाह से पूर्व होने वाली फिजूलखर्ची वाली प्रथाओं को समाप्त करने का पुरजोर आह्वान किया। उन्होंने नगर के पेट्रोल पंप चौराहे का नामकरण ‘मां कर्मा देवी’ के नाम पर करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई।
वरिष्ठ जनों का सम्मान और पेट्रोल पंप चौराहे की घोषणा
समारोह के दौरान समाज के भामाशाह हेतराम साहू का विशेष सम्मान किया गया। साथ ही वर्ष 2026 की आयोजन समिति के अध्यक्ष घनश्याम साहू, उपाध्यक्ष ओमप्रकाश, सचिव आशीष साहू और कोषाध्यक्ष पंचम साहू को भी सम्मानित किया गया। इसी क्रम में नगर के बुद्धिजीवी पत्रकारों का भी सम्मान किया गया ! कार्यक्रम में उपस्थित सांसद प्रतिनिधि पंकज चौकसे और इंजीनियर सरदार सिंह पटेल ने समाज की एकता की भूरी-भूरी प्रशंसा की। सरदार सिंह पटेल ने जनसमुदाय की भावनाओं का सम्मान करते हुए पेट्रोल पंप चौराहे को मां कर्मा देवी चौराहा करने की सार्वजनिक घोषणा की। कार्यक्रम में पूर्व जनपद अध्यक्ष पंडित संतोष दुबे, जितेंद्र चौबे, निधान सिंह पटेल और शक्तिसिंह राजपूत आर.के साहू नरसिंहपुर संतोष साहू छिंदवाड़ा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मंच संचालन कुमारी भाग्यश्री साहू एवं शिव शंकर साहू ने किया। अंत में पत्रकार आशीष साहू ने आभार व्यक्त किया, जिसके पश्चात विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

नरसिंहपुर से पुलिसवाला न्यूज़ से जिला ग्रामीण ब्यूरो चीफ पंडित अंकित शुक्ला कि रिपोर्ट

Leave A Reply

Exit mobile version