इंदौर:

 

इंदौर, 22 सितंबर 2026।* कलेक्टोरेट स्थित उपभोक्ता मार्गदर्शन केंद्र में एक महिला की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए खराब और फटी साड़ियों की पूरी राशि वापस दिलाई गई।

दरअसल, श्रीमती नंदिनी साहू ने एमटी क्लॉथ मार्केट स्थित दुकान क्रमांक 77, राज लक्ष्मी साड़ी से 17 साड़ियां खरीदी थीं। उन्होंने 11 सितंबर को बिल नंबर 1724 से 2,640 रुपये और 12 सितंबर को बिल नंबर 1730 से 1,100 रुपये, कुल 3,740 रुपये का भुगतान किया था।

आरोप था कि दुकान पर साड़ियां चेक नहीं करने दी गईं। घर आकर देखने पर कई साड़ियां फटी और खराब निकलीं। शिकायत करने पर दुकानदार ने सुनवाई नहीं की और दुर्व्यवहार किया। इसके बाद महिला ने कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर चल रहे उपभोक्ता मार्गदर्शन केंद्र में शिकायत की।

नोडल अधिकारी एमएल मारू ने दोनों पक्षों को सुनकर मामले का निराकरण किया और दुकान संचालक से पूरी राशि 3,740 रुपये उपभोक्ता को वापस करवाई। सुनवाई के दौरान ग्राहक पंचायत और उपभोक्ता कांग्रेस के पदाधिकारियों ने भी कानूनी सलाह दी।

बता दें, कलेक्टोरेट के कक्ष क्रमांक 220 में हर मंगलवार उपभोक्ता शिकायतों की सुनवाई होती है और अब तक 300 से अधिक शिकायतों का निराकरण किया जा चुका है।

रिपोर्ट मनोज कुमार शर्मा इंदौर

Leave A Reply