करीब 8 करोड़ रुपये की लागत से शुरू हुई सुविधा, अब मरीजों को जांच के लिए नहीं जाना पड़ेगा दूसरे शहर

स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम
सीटी स्कैन मशीन के शुभारंभ के साथ ही चिरमिरी जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हुआ है। अब तक गंभीर मरीजों को सीटी स्कैन जांच के लिए दूसरे शहरों में रेफर करना पड़ता था। नई सुविधा शुरू होने से स्थानीय स्तर पर जांच की उपलब्धता बढ़ेगी और उपचार की प्रक्रिया भी सुगम होगी।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि सरकार का उद्देश्य सरकारी अस्पतालों में ऐसी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, जिनके लिए आम लोगों को निजी अस्पतालों अथवा बड़े शहरों पर निर्भर रहना पड़ता है।

चिरमिरी के साथ आसपास के मरीजों को भी मिलेगा लाभ
मंत्री ने कहा कि चिरमिरी कोयला उत्पादन के लिए देश में अपनी अलग पहचान रखता है। लंबे समय तक इस क्षेत्र ने देश को ऊर्जा देने में योगदान दिया है। स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर क्षेत्र में लंबे समय से जरूरत महसूस की जा रही थी। मुख्यमंत्री के नेतृत्व और सरकार के सहयोग से करीब 8 करोड़ रुपये की लागत से चिरमिरी जिला अस्पताल में सीटी स्कैन सुविधा शुरू की गई है।
उन्होंने कहा कि इस सुविधा का लाभ एमसीबी जिले के साथ आसपास के क्षेत्रों और सीमावर्ती इलाकों से आने वाले मरीजों को भी मिल सकेगा।

मरीजों के बीच मनाया जन्मदिन
अपने जन्मदिन के अवसर पर मंत्री ने कहा कि उन्होंने जन्मदिन को किसी राजनीतिक कार्यक्रम के रूप में मनाने के बजाय मरीजों और आम लोगों के बीच रहकर मनाने का निर्णय लिया। जिला अस्पताल में मरीजों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ समय बिताया।
सीटी स्कैन सुविधा के शुरू होने से गंभीर मरीजों की जांच के लिए बाहर भेजे जाने की आवश्यकता में कमी आने तथा स्थानीय स्तर पर समय पर जांच उपलब्ध होने की उम्मीद है।

रिपोर्ट – योगेन्द्र प्रताप सिंह ब्यूरो चीफ

Leave A Reply

Exit mobile version