5c4cb057 a818 43ad 8ecd 4e771143dae1

186 आवेदन प्राप्त, अन्नप्राशन–गोदभराई से लेकर आवास, आयुष्मान कार्ड, दिव्यांग उपकरण और कृषि–मछली पालन सामग्री का वितरण

गरियाबंद, 01 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा सेतु–सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम नहरगांव स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विकासखंड स्तरीय सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं से संबंधित 186 आवेदन प्राप्त किए गए।

कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती लालिमा ठाकुर, नगर पालिका अध्यक्ष रिखीराम यादव, पूर्व विधायक डमरूधर पुजारी, कलेक्टर रणबीर शर्मा, जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर श्रीमती ऋषा ठाकुर, वरिष्ठ नागरिक अनिल चंद्राकर एवं आशीष शर्मा, जनपद उपाध्यक्ष लेखराम साहू, नगर पालिका उपाध्यक्ष आसिफ मेमन, जनपद अध्यक्ष सोहन ध्रुव जनपद सदस्य प्रगति देवांगन,तथा सरपंच कोमल ध्रुव सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 4 बच्चों का अन्नप्राशन और 4 माताओं की गोदभराई कराई गई। उद्यानिकी विभाग ने 4 हितग्राहियों को सब्जी बीज मिनीकिट, स्वास्थ्य विभाग ने 2 आयुष्मान कार्ड एवं 3 महतारी वंदन कार्ड, जबकि समाज कल्याण विभाग ने दिव्यांग हितग्राहियों को मोटराइज्ड ट्रायसिकल, ब्रेल किट एवं सामान्य ट्रायसिकल वितरित की।

इसी तरह मत्स्य विभाग द्वारा 9 हितग्राहियों को मत्स्य जाल एवं आइस बॉक्स, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा 2 हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास की चाबी, कृषि विभाग द्वारा 4 हितग्राहियों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड तथा पशुधन विकास विभाग द्वारा 4 हितग्राहियों को मेडिसिन किट प्रदान की गई। श्रम विभाग ने श्रम कार्ड वितरित किए और स्व-सहायता समूह को उद्यम के लिए बैंक ऋण भी उपलब्ध कराया गया।

इस अवसर पर कलेक्टर रणबीर शर्मा ने अधिकारियों को शिविर में प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने तथा नशे से दूर रहने की अपील की। शिविर में उपस्थित अतिथियों एवं नागरिकों ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत नशामुक्ति का संकल्प भी लिया।

सेवा सेतु शिविर ने शासन और ग्रामीणों के बीच संवाद की दूरी कम करते हुए ‘सरकार आपके द्वार’ की भावना को धरातल पर साकार किया।

रिपोर्ट नेहरू साहू जिला ब्यूरो गरियाबंद

Comments are closed.

Exit mobile version