डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया

शहपुरा-डिंडौरी मार्ग पर अमठेरा के पास कार्रवाई, विक्रमपुर से बाईपास निर्माण के लिए लाई जा रही थी गिट्टी; चारों वाहन थाने में खड़े, खनिज विभाग करेगा अग्रिम कार्रवाई

डिंडौरी/शहपुरा। जबलपुर-अमरकंटक नेशनल हाईवे के निर्माण कार्य के लिए गिट्टी परिवहन कर रहे चार 12 चक्का ट्रकों पर शहपुरा प्रशासन ने कार्रवाई की है। शहपुरा-डिंडौरी मार्ग पर अमठेरा के पास एसडीएम इरफान फरहान जामदार ने वाहनों को रोककर जांच की। प्रशासन के अनुसार जांच के दौरान गिट्टी परिवहन से संबंधित रॉयल्टी एवं आवश्यक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर चारों ट्रकों को पकड़कर कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार जबलपुर-अमरकंटक नेशनल हाईवे सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके तहत शहपुरा क्षेत्र में बाईपास का निर्माण भी किया जा रहा है। इसी निर्माण कार्य के लिए विक्रमपुर क्षेत्र से चार 12 चक्का ट्रकों में गिट्टी भरकर शहपुरा की ओर लाई जा रही थी।

अमठेरा के पास रोके ट्रक, दस्तावेजों की हुई जांच

शहपुरा-डिंडौरी मार्ग पर अमठेरा के पास एसडीएम इरफान फरहान जामदार ने गिट्टी से लदे ट्रकों को रोककर परिवहन से संबंधित दस्तावेजों की जांच कराई। प्रशासन के मुताबिक मौके पर गिट्टी की रॉयल्टी एवं आवश्यक वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जाने के कारण वाहनों पर कार्रवाई की गई।

कार्रवाई में पकड़े गए ट्रकों के नंबर MP17HH4671, MP17ZL1066, MP17ZL0943 और MP17ZC2372 बताए गए हैं। चारों वाहनों पर ‘उदित इंफ्रा वर्ल्ड प्राइवेट लिमिटेड, रीवा’ लिखा हुआ है।

पंचनामा बनाकर चारों ट्रक थाने के सुपुर्द

कार्रवाई के बाद शहपुरा तहसीलदार द्वारा मौके पर पंचनामा तैयार किया गया। इसके बाद चारों 12 चक्का ट्रकों को शहपुरा पुलिस के सुपुर्द कर थाना परिसर में खड़ा कराया गया है।

मामले में अब खनिज विभाग के अधिकारी गिट्टी के परिवहन, रॉयल्टी एवं संबंधित दस्तावेजों की जांच कर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई करेंगे। खनिज विभाग की जांच के बाद ही मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।

नेशनल हाईवे जैसे बड़े निर्माण कार्य के लिए इस्तेमाल की जा रही गिट्टी के परिवहन में रॉयल्टी एवं वैध दस्तावेज नहीं मिलने का मामला सामने आने के बाद खनिज परिवहन की निगरानी को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल खनिज विभाग की जांच और आगामी कार्रवाई पर नजर रहेगी।

Comments are closed.

Exit mobile version